समय से पहले लोकसभा चुनाव नहीं होंगे, बीजेपी सांसद सुशील कुमार मोदी ने गिनाए तीन कारण

बीजेपी सांसद और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने समय से पहले लोकसभा चुनाव की तमाम अटकलों को खारिज किया है। सुशील मोदी ने कहा कि उन्हें कोई कारण नजर नहीं आता जिस वजह से 2024 का लोकसभा चुनाव समय से पहले कराया जाए।

समय से पहले लोकसभा चुनाव की बात सबसे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुछ महीने पहले की थी। पिछले दिनों पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भी समय से पहले चुनाव की संभावना जताई और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार के लिए सारे हेलिकॉप्टर बुक कर लिए हैं। ओडिशा सीएम नवीन पटनायक ने भी समय से पहले चुनाव की आशंका जताते हुए पार्टी के नेताओं को पूरी तैयारी के साथ रहने कह दिया है। ऐसे में संसद का पांच दिन का विशेष सत्र 18 सितंबर से 22 सितंबर तक बुलाने के बाद मीडिया में समय से पहले चुनाव की चर्चा भी हो रही है।

बीजेपी सांसद सुशील मोदी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि नीतीश या ममता की पीएम नरेंद्र मोदी से बात हुई हो तो उन्हें पता नहीं। मोदी ने कहा कि ये लोग सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह का बयान देते हैं। सुशील मोदी ने समय से पहले चुनाव ना कराने के पक्ष में तीन तर्क दिए और सवाल किया कि केंद्र सरकार क्यों समय से पहले चुनाव कराएगी मुझे नहीं लगता है। सुशील मोदी ने पहला कारण बताया कि जनवरी में राम मंदिर तैयार हो जाएगा जिसका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। सुशील मोदी ने दूसरा कारण बताया कि 1 फरवरी को बजट सत्र होगा जिसमें अंतरिम बजट पेश होगा। सुशील कुमार मोदी ने तीसरे कारण में कहा कि बजट सत्र के दौरान केंद्र सरकार के पास ये मौका होगा कि वो कोई नई घोषणा करना चाहे तो कर सकती है।

सुशील मोदी ने कहा कि उन्हें दूर-दूर तक नहीं लगता कि सरकार समय से पहले चुनाव कराएगी। नरेंद्र मोदी के नौ साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने किसी भी राज्य में चुनाव को समय से पहले नहीं कराया है। जो लोग ये कह रहे हैं वो सिर्फ मीडिया में बने रहने के लिए ये बात करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *