नई बोतल में पुरानी शराब है इंडिया गठबंधन, केशव बोले-अखिलेश का अहंकार तोड़गी जनता

सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इंडिया गठबंधन को नई बोतल में पुरानी शराब करार दिया। दावा किया कि वर्ष 2024 में सरकार बनाना कमजोर विपक्ष के बूते की बात नहीं। घोसी उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के प्रति आश्वस्त उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की जनता सपा मुखिया अखिलेश यादव का अहंकार तोड़ेगी।

बड़ागांव स्थित भाजपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय में शुक्रवार को विश्वकर्मा समाज सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री ने मुंबई में इंडिया गठबंधन की बैठक पर कहा कि उसके नेता जनता को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी को उन्होंने समाप्तवादी पार्टी बताया। कहा कि सपा उस इंडिया गठबंधन का हिस्सा है जिसके नेता नई बोतल में पुरानी शराब लेकर आये हैं। कहा कि हमारा चुनावी मुद्दा विकास है जबकि सपा का एजेंडा और मकसद अपराधीकरण है। निर्णय घोसी की जनता को करना है। कहा कि सरकार के विकास कार्यों की बदौलत सौ में 75 प्रतिशत हमारा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने वर्ष 2022 के चुनाव में सपा को धूल चटाकर उसे उसके परिणाम तक पहुंचा दिया था। वैसा ही हाल इस उपचुनाव में भी होगा। चुनाव के समय सपा नेताओं धमकी और गुंडागर्दी प्रदेशवासी देख चुकी है। सकारात्मक परिवर्तन का युग चल रहा है। कहा कि मोदी-योगी सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। विपक्षी पार्टियों की सरकार में विकास का धन में 85 प्रतिशत बंदरबांट हो जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *