
रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी का कार्ड बाबा विश्वनाथ को देने सोमवार की शाम वाराणसी पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मलहोत्रा भी मौजूद हैं।
अनंत अंबानी की शादी राधिका मर्चेंट के साथ 12 जुलाई को होने वाली है। इस दौरान तीन दिनों तक होने वाले आयोजन में देश विदेश की हस्तियां शामिल होंगी। बेटे और होने वाली बहू के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद नीता अंबानी गंगा आरती में भी शामिल हुईं। मनीष मलहोत्रा के साथ वह शादी के लिए बनारस से कुछ खास कपड़ों की भी खरीदारी करेंगी। पहले भी मनीष मलहोत्रा बनारस से ड्रेस मैटेरियल लेते रहे हैं। रामनगर में बुनकरों से भी मिलेंगी।
चार्टर विमान से वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचीं नीता अंबानी ने पहले वहीं पर फिर काशी विश्वनाथ मंदिर के चार नंबर गेट पर मीडिया से बात भी की। कहा कि बाबा विश्वनाथ को बेटे की शादी का कार्ड अर्पित करने आई हूं। नीता अंबानी ने कहा कि अनंत और राधिका की शादी के सभी वैवाहिक समारोह को सकुशल संपन्न करने की बाबा से प्रार्थना करूंगी। निमंत्रण कार्ड बाबा के चरणों मे समर्पित करने के लिये पहुंचीं हूं। एयरपोर्ट से सीधे उनके दरबार जा रही हूं।
करीब आधा घंटे तक नीता अंबानी मंदिर के अंदर रहीं। बाहर निकलने पर एक बार फिर मीडिया वालों के पास पहुंचीं और मंदिर के अंदर के अनुभव को साझा किया। कहा कि दर्शन के बाद बहुत अच्छा लग रहा है। हमारे हिन्दू धर्म में कोई भी शुभ काम करने से पहले भगवान का आशीर्वाद लिया जाता है। बाबा विश्वनाथ को अनंत और राधिका की शादी का निमंत्रण कार्ड दिया है।
नीता अंबानी ने कहा कि बनारस में दस साल बाद आने का मौका मिला है। यहां का बदलाव और विकास देखकर बहुत खुशी हो रही है। मंदिर कॉरिडोर के साथ ही नमो घाट,फिलिंग स्टेशन शानदार बने हैं। यहां के बुनकरों के साथ मेरा बहुत पुराना रिश्ता है। गंगा आरती के बाद कारीगरों से मिलने ही जाना है। नीता अंबानी ने कहा कि शादी के बाद अनंत और राधिका के साथ फिर से बनारस आऊंगी। बताया जा रहा है कि रिलायंस फाउंडेशन के तहत काम करने वाले कारीगरों से मिलने नीता अंबानी रामनगर जाएंगी।
मुकेश और नीता अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी और उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट की 12 जुलाई को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में शादी होने वाली है। शादी के लिए फिलहाल सेव द डेट निमंत्रण कार्ड भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि अनंत अंबानी और राधिका की शादी का फंक्शन तीन दिनों तक चलेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पहले दिन 12 जुलाई को शादी होगी। इसके बाद अगले दो दिन अलग अलग कार्यक्रम होंगे। 13 जुलाई को आशीर्वाद गोष्ठी का आयोजन होगा। 14 जुलाई को मंगल उत्सव और रिसेप्शन रखा गया है।