तीन कारों से आए 20 लोग, धर्मेंद्र प्रधान के घर में घुसने की कोशिश, दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया केस

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास में घुसने की कोशिश करने और बिना इजाजत के विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में लोगों के एक समूह पर केस दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि तीन से चार कारों से 20 लोग आए और साउथ एवेन्यू में कुशक रोड पर धर्मेंद्र प्रधान के घर में घुसने की कोशिश।दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ साउथ एवेन्यू पुलिस स्टेशन में धारा-188 (प्रशासनिक आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर नीट परीक्षा और परिणाम में गड़बड़ी की सीबीआई मांग उठाई।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास में घुसने की कोशिश
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास में घुसने की कोशिश करने और विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में लोगों के एक समूह पर मामला दर्ज किया गया है। साउथ एवेन्यू पुलिस स्टेशन में गुरुवार को धारा-188 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया।
तीन से चार कारों से आए 20 लोग
एफआईआर के अनुसार, करीब 20 लोग तीन से चार कारों में सवार होकर आए और साउथ एवेन्यू में कुशक रोड पर केंद्रीय मंत्री के आवास हाउस नंबर 19 के बाहर जमा हो गए। मौके पर कुछ मीडियाकर्मी भी मौजूद थे। एफआईआर में कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों के हाथ में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के पर्चे थे।
बुलानी पड़ी अतिरिक्त फोर्स
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि इलाके में सीआरपीसी की धारा-144 लागू होने के कारण वे यहां जमावड़ा नहीं कर सकते है। फिर भी वे लोग नहीं रुके और नारेबाजी की। पुलिस के रोकने पर प्रदर्शनकारी भड़क गए और केंद्रीय मंत्री के घर में घुसने की कोशिश भी की। एफआईआर में कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों के जमावड़े के बाद थाने से और पुलिस बल को बुलाया गया। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एबीवीपी ने सीबीआई जांच की मांग उठाई
वहीं दूसरी ओर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर एनटीए द्वारा आयोजित नीट परीक्षा और परिणाम में गड़बड़ी की मांग उठाई। उनहोंने एनटीए द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2024) के आयोजन की प्रक्रिया एवं परिणामों में गड़बड़ी पर उठ रहे प्रश्नों की सीबीआई द्वारा जांच करा संलिप्त दोषियों पर शीघ्रता से कार्रवाई करने हेतु ज्ञापन सौंपा है। एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र सोलंकी तथा शिवांगी खरवाल के नेतृत्व में एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर अपनी चिंतायें जाहिर की और कहा कि वह विद्यार्थी समुदाय द्वारा उठाई जा रही उचित मांगों के साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *