
लोकसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव जीतने का मंत्र दिया।कहा कि हम सबको अपनी भाषा ठीक रखनी है। वहीं सभी का सम्मान करना भी सीखना होगा। हमें जनता से जुड़े रहना है। जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है। पार्टी मुख्यालय में अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव ने भारत की राजनीति को बदलने का काम किया है। जनता के सामने कोई नहीं टिक सकता है। चुनाव में जनता ने भाजपा का अहंकार तोड़ा है। भाजपा नेताओं को अब नींद नहीं आती है। अयोध्या जनपद के लोकसभा क्षेत्र फैजाबाद से सांसद अवधेश प्रसाद की जीत से जनता ने नफरत की राजनीति को खत्म कर दिया है। हमें ऐतिहासिक जीत मिली है। पर इस जीत से हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ी है। हमें अभी से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाना है।सपा प्रमुख ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिलने से समाजवादी पार्टी की ताकत बढ़ी है। चुनाव में जनता ने भाजपा का अहंकार तोड़ा है। भाजपा नेताओं को अब नींद नहीं आती है। एनडीए नकारात्मक-निगेटिव गठबंधन साबित हुआ जबकि पीडीए प्रगतिशील प्रोगेसिव गठबंधन रहा। समाजवादी पार्टी पीडीए-इंडिया गठबंधन ने संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ी। समाजवादी विचारधारा का संघर्ष बराबर जारी रहेगा। विधानसभा चुनाव में भी पीडीए इसी तरह से जीत हासिल करेगा।समाजवादी पार्टी की जीत की बधाई देने आए सैकड़ों लोगों ने अखिलेश यादव से भेंट कर उन्हें जीत की हार्दिक बधाई दी। यश भारती सम्मानित पं. हरिप्रसाद मिश्रा ने भी अखिलेश यादव को स्वास्तिवाचन के साथ रक्षा सूत्र बांधा और उनके शतायु तथा यशस्वी होने की कामना की।