
उत्तर प्रदेश में इस बार पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने मतदान में ज्यादा उत्साह दिखाया। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार प्रदेश में 12 लाख 97 हजार 638 ज्यादा महिला वोटरों ने मतदान किया जबकि 2019 के मुकाबले इस बार प्रदेश की 80 सीटों पर 2 लाख 4 हजार 224 अधिक पुरुषों ने मतदान किया।थर्ड जेंडर मतदाताओं की बात करें तो पिछले चुनाव के मुकाबले 463 ज्यादा वोटरों ने मतदान किया। इस तरह से प्रदेश में 2019 के मुकाबले इस बार 15 लाख 2 हजार 385 ज्यादा वोटरों ने मतदान किया।यह जानकारी प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले प्रदेश में तैयार की गई। इस बार की वोटर लिस्ट में 32 लाख 53 हजार 523 पुरुष और 49 लाख 92 हजार 737 अधिक महिला वोटर दर्ज हुए। 2019 के मुकाबले इस बार की वोटर लिस्ट में 1147 थर्ड जेंडर कम हुए। उत्तर प्रदेश में इस बार के लोकसभा चुनाव में 2019 के मुकाबले 2.19 प्रतिशत कम मतदान हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार प्रदेश में इस बार सातों चरणों में कुल मिला कर 56.92 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि 2019 के चुनाव में यहां 59.11 प्रतिशत वोट पड़े थे।सातवें चरण में 55.60 फीसदी वोटिंग1 जून को छिटपुट मामलों को छोड़कर सातवें चरण का मतदान शातंपूर्ण संपन्न हो गया। अंतिम चरण में यूपी की 13 लोकसभा सीटों के लिए कुल 55.60 फीसदी मतदान पड़े। वहीं 2019 की बात करें तो इन सीटों पर 58.37 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस बार पहले नंबर पर चंदौली और महराजगंज रहे। जहां 60.34 और 60.08 फीसदी मतदान हुआ है। सबसे कम सलेमपुर में 51.25 प्रतिशत वोट पड़े हैं।