है तो है… पित्रोदा को बचाने के चक्कर में गड़बड़ाए अधीर, वोटिंग से पहले BJP कर रही घाव गंभीर

ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष रहे सैम पित्रोदा की नस्लीय टिप्पणी पर उनका बचाव करने वाले पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी अब भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। इससे उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं क्योंकि चौथे चरण में 13 मई को उनकी संसदीय सीट बहरामपुर में चुनाव होना है।
गुरुवार को भाजपा ने अधीर रंजन चौधरी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस अपनी मंशा को लेकर बेनकाब हो गई है।दरअसल, बुधवार को जब सैम पित्रोदा के बयान पर विवाद बढ़ने लगा और सोशल मीडिया पर पित्रोदा की टिप्पणी वायरल होने लगी, तब अधीर रंजन चौधरी ने उस बयान की निंदा करने की बजाय सैम पित्रोदा का बचाव किया और उनके तर्क के समर्थन में कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। चौधरी ने कहा, “हमारे यहां प्रोटो ऑस्ट्रेलॉयड, मंगोलॉयड, नेग्रिटो क्लास के लोग हैं। हैं तो हैं। हमारे देश की जनसांख्यिकी में क्षेत्रीय विशेषताएं अलग-अलग हैं। किसी ने जो कहा वह उसकी निजी राय है लेकिन यह सच है कि कुछ लोग गोरे हैं, कुछ काले हैं।”अब इस पर भी विवाद हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया है कि सैम पित्रोदा का बचाव करने की कोशिश में अधीर रंजन चौधरी ने भारतीयों के बारे में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने ट्वीट किया है, “इससे पता चलता है कि शब्द भले ही सैम पित्रोदा के हैं, लेकिन भारतीयों को चीनी/अफ्रीकी/नेग्रिटो/काला कहने की ये सोच कांग्रेस की है। क्या अधीर अंकल सैम की टिप्पणियों को सही ठहरा रहे हैं? क्या इस कारण से उन्हें भी नहीं हटाया जाना चाहिए? क्या वे उस अधीर को हटाएंगे जिन्होंने अतीत में द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपत्नी कहा था?”बता दें कि सैम पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘‘हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं। जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं।’’ उनकी इस टिप्पणी की पीएम मोदी समेत भाजपा के कई नेताओं ने घोर आलोचना की थी और उसे नस्लवादी और विभाजनकारी बताया था। कांग्रेस ने भी उस बयान से किनारा कर लिया था।अधीर रंजन चौधरी लगातार पांच बार से बहरामपुर सीट से सांसद हैं और वह छठी बार फिर से मैदान में हैं। वहीं भाजपा ने निर्मल कुमार साहा को टिकट दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *