
मध्य प्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के एक बयान को लेकर सियासत गर्म है। इस बयान से भाजपा नाराज है। भाजपा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।प्रदेश भाजपा की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में विधिवत शिकायत दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि जीतू पटवारी ने भिंड जिले की यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
भाजपा के मुताबिक, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री की तुलना रावण से की, जो अत्यंत आपत्तिजनक है। जीतू पटवारी ने हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव और राज्य की एक पूर्व महिला मंत्री इमरती देवी के खिलाफ भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। शिकायत में निर्वाचन आयोग से जीतू पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मांग की है कि जीतू पटवारी को चुनाव प्रचार से हटाया जाए। भाजपा ने जीतू पटवारी के खिलाफ इमरती देवी के बारे में कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर एक दिन पहले शुक्रवार को मामला दर्ज कराया था। वहीं बवाल बढ़ता देख जीतू पटवारी ने अपने कथित टिप्पणी पर खेद प्रकट किया।
पटवारी ने टिप्पणी पर खेद जताते हुए शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा था कि मेरे एक बयान को तोड़-मरोड़ कर गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। मेरा इरादा सिर्फ सवाल का जवाब देने से बचना था। इमरती जी मेरी बड़ी बहन जैसी हैं। बड़ी बहन मां के समान होती है। फिर भी किसी को ठेस पहुंची हो तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।