
अब राममंदिर के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को वापसी में विशेष श्रीप्रसादम मिलेगा। मुख्य निकास द्वार पर एनआरएलएम द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूह के काउंटर पर यह प्रसाद मिलेगा। खास ये है कि इस विशेष प्रसाद वाले कांबो पैक में अयोध्या के प्रसिद्ध मंदिरों के प्रसाद भी रहेगा।इसके साथ ही भक्तों के लिए सरयू नीर, अयोध्या रज, रामलला के विग्रह की फोटो, भी रहेगी। फिलहाल यह ‘श्रीप्रसादम’ भक्तों के लिए सशुल्क रहेगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन पूरा बाजार सरायरासी की स्वयं सहायता समूह रानी लक्ष्मी बाई समूह की दस महिलाएं इस ‘श्रीप्रसादम’ योजना को अमली जामा पहनाने में जुटी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी के समक्ष इस समूह ने जिला मिशन प्रबंधक सरिता वर्मा के साथ इसका डेमो दिया।
बताया कि इस कांबो पैक में आम भक्तों को रामलला का इलाची दाना, हनुमानगढ़ी का लड्डू, कनक भवन का खुरचन पेड़ा, अमावा मंदिर का रघुपति प्रसादम के साथ ही अयोध्या की अन्य पवित्र चीजें एक पैकेट में दी जाएंगी। इसके लिए श्रीरामअस्पताल में 26 गुणा 11 फिट की एक जगह समूह को दे दी गई है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि समूह की महिलाओं ने इस पर काम किया है, यह सशुल्क रहेगा काउंटर से जिसे खरीदना होगा वह खरीद सकेगा। इससे श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का भी कोई वास्ता नहीं होगा यह पूरी तरह से समूह की महिलाओं का प्रयास है।
51 से लेकर 1008 रुपये तक करना होगा भुगतान
इस ‘श्रीप्रसादम’ में 51 रुपये से लेकर 1008 रुपये तक का पैक उपलब्ध रहेगा। सबसे छोटे पैक में रामदाना या इलाची दाना व रामलला का विग्रह होगा। इसके अलावा 251 वाले पैक में रामदाना,हनुमानगढ़ी का लड्डू, कनक भवन का खुरचन पेड़ा, अयोध्या की रज, सरयू जल व रामलला का विग्रह की फोटो रहेगी। इसी तरह से 1008 वाले पैक में इन सबके के साथ 11 वस्तुएं शामिल की गई हैं।
प्रेरणा कैंटीन में मिलेट का पूड़ी
श्रीराम अस्पताल में खुलने वाले इस काउंटर में एक प्रेरणा कैंटीन भी खुलेगी। इस कैंटीन में मिलेट से बनी पूड़ी रोटी व पराठा , खिचड़ी मिलेगी।यही नहीं बिना लहसुन प्याज से बना सादा भोजन भी भक्तों को यहां मामूली शुल्क अदा कर मिलेगी। सरिता ने बताया कि इस पर काम शुरू हो गया है। एक हफ्ते में यह काउंटर खुल जाएगा।