
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यह साल के इस समय के लिए सामान्य है। मौसम विभाग का कहना है कि 26 अप्रैल से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र पर एक्टिव होगा।सके असर से हिमालयी राज्यों में बारिश देखी जाएगी। दिल्ली एनसीआर के मौसम पर भी इसका असर नजर आएगा। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली एनसीआर के इलाकों में अगले सात दिनों के दौरान बारिश तो नहीं होगी लेकिन लू चलने की भी कोई संभावना नहीं है। इस रिपोर्ट में जानें दिल्ली एनसीआर में इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम…
मौसम विभाग के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर पर मौजूद है। यही नहीं एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 26 अप्रैल से हिमालयी क्षेत्र पर दस्तक देगा। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 से 28 अप्रैल के दौरान गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी देखी जा सकती है। कुछ जगहों पर ओले गिरने की संभावना भी है। इसका असर उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों पर भी नजर आएगा। खासतौर पर दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है।मौसम कार्यालय की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को दिन के समय आसमान साफ रहेगा। यही नहीं तेज हवाएं भी चलेंगी। हवा की स्पीड 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि अगले सात दिनों के दौरान दिल्ली एनसीआर के इलाकों में लू चलने की कोई संभावना नहीं है। लू चलने की स्थिति तब बनती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब या उससे ऊपर होता है।
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 22 से लेकर 28 अप्रैल तक आसमान साफ रहेगा। दिल्ली एनसीआर के इलाकों में इस हफ्ते बारिश के आसार नहीं बन रहे हैं। आसमान साफ रहेगा और 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में 25 और 26 अप्रैल को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब जा सकता है। हालांकि पहाड़ों पर मौसम सुहावना रहने के चलने लू चलने की स्थितियां नहीं बनेंगी। दिल्ली में 24, 27 और 28 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।