‘2024 में हो जाए PM मोदी बनाम राहुल गांधी 2.0 मुकाबला’, पीयूष गोयल का खुला चैलेंज

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आजतक जी-20 समिट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को खुला चैलेंज दिया। गोयल ने शनिवार को कहा कि वो यह चाहते हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी मुकाबला हो जाए।

दरअसल, पीयूष गोयल से कहा गया कि कांग्रेस राहुल गांधी का नया वर्जन 2.0 लॉन्च कर रही है। इस पर तुरंत पीयूष गोयल ने कहा कि राहुल गांधी को तो कई बार लॉन्च किया गया है। आप अभी 2.0 की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ही चीज को बार-बार लॉन्च करने पर ब्रांड घिसा-पिटा हो जाता है।

केंद्रीय मंत्री से सवाल पूछा गया, ‘ऐसा कहा जा रहा है कि राहुल गांधी इस बार अच्छे से लॉन्च हुए हैं। बताया जा रहा है कि अब लोग उन्हें सुनना पसंद कर रहे हैं और उन्हें देखना चाहते हैं। बीते 6 महीने में जो भी हुआ, उसे लेकर राहुल गांधी को हिंदी फिल्म के हीरो की तरह बना दिया गया है। क्या आपको लगता है कि राहुल का असर इस बार ज्यादा दिख रहा है?’ इस पर गोयल ने कहा, ‘यह बहुत अच्छी बात है। हम तो चाहते हैं कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी चुनाव हो जाए। यहां आपको यह देखना होगा कि गठबंधन के नेता यह स्वीकार कर लें। अगर गठबंधन स्वीकार कर ले तो पीएम मोदी बनाम राहुल 2.0, 3.0, 5.0… चुनाव लड़ लिया जाएगा। हम तो तैयार हैं।’

विपक्षी गठबंधन विवादों में घिरा: पीयूष गोयल
पीयूष गोयल से 2024 का लोकसभा चुनाव I.N.D.I.A बनाम NDA के बीच होने पर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, ‘अभी तो इंतजार करना चाहिए। फिलहाल समय है। पीएम मोदी, बीजेपी और एनडीए के लिए देशभर में प्यार देखने को मिल रहा है। बीते 9 साल के कामों का आकलन करें तो 2024 में बड़े निर्णायक बहुमत से एनडीए को जीत मिलेगी।’ भाजपा नेता ने कहा कि आप यह देखिए कि विपक्षी गठबंधन कितने विवादों में घिरा है। तमिलनाडु से लेकर कर्नाटक तक में नेता एक-दूसरे के आमने-सामने हैं। ऐसे में इस गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। पीएम मोदी के बढ़ते कद और विश्वसनीयता के आधार पर बीजेपी पिछली बार से भी ज्यादा सीटें जीतने वाली है।

‘ममता-अखिलेश जैसे नेता अपने राज्यों तक सीमित’
केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल तक सीमित ही हैं। अखिलेश यादव का यूपी के बाहर एक वोट नहीं है। ये लोग अपने राज्यों के अलावा दूसरे प्रदेशों में एक वोट नहीं दिलवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का तो बिहार में ही कोई वोट नहीं रह गया है। पीयूष गोयल से इस दौरान जी-20 को लेकर देश पर हो रही राजनीति पर सवाल किया गया। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जी 20 को लेकर भी विपक्षी दल देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। मगर, देश की पूरी जनता हमारी सहयोग कर रही है। पूरा भारत पीएम मोदी के साथ खड़ा है। ऐसे में कुछ विपक्षी दलों को लेकर समय बर्बाद करने की जरूरत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *