
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान ने इंडिया गठबंधन में सीटों के तालमेल में चुनावी समायोजन की बात कही है। पटना के जनशक्ति भवन में शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन सरकार को भी समायोजन का खाका रखना चाहिए।
राजनीतिक दलों को प्रभाव के हिसाब से समायोजित किया जाए। बिहार में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का प्रभाव 20 लोकसभा क्षेत्रों पर रहा है। यहां भी पार्टी सम्मानजनक सीट की मांग करेगी।
40-45 सीटों पर ठोंका दावा
अतुल अंजान ने कहा कि हम देशभर में 40 से 45 सीट की मांग करेंगे। और राज्य स्तर पर समय आने पर इसका खुलासा होगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की दिल्ली में नीतियों की सरकार बने, पार्टियों की नहीं। यह सिर्फ हमारी नहीं बल्कि राजद, जदयू सभी की जिम्मेवारी है। कांग्रेस को भी कहना चाहूंगा कि वो धैर्य रखे।
2 नवंबर को पार्टी का सम्मेलन
वहीं पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए उन्होने कहा कि अपने भाषण से मोदी ने लालकिला की गरिमा गिरा दी। परिवारवाद पर उन्हें बोलने का हक नहीं है। भाजपा के परिवारवादी नेताओं के नाम भी गिनाए। अतुल अंजान ने कहा कि इंडिया गठबंधन तमाम फिसलनों के बावजूद इकट्ठा रहेगा। वहीं पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने कहा कि दो नवंबर को पार्टी का सम्मेलन पटना के गांधी मैदान में होगा। इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी गयी है।
इससे पहले कांग्रेस भी कैबिनेट विस्तार की मांग को लेकर अभी तक इंतजार ही कर रही है। ऐसे में भाकपा ने भी दावेदारी ठोंक दी है। और दलों के प्रभाव के हिसाब से महागठबंधन सरकार में समायोजन की बात कही है।