
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर लालकिले समेत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा पूरी तरह से चाक-चौबंद कर दी गई है। आतंरिक घेरे की सुरक्षा की कमान स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने संभाल ली है।
लालकिले में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) कमांडो भी तैनात कर दिए गए हैं। आसमान से सुरक्षा को चाकचौबंद बनाने के लिए एंटी ड्रोन रडार लगाए गए हैं। सेना के हेलीकॉप्टर पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडो टीम भी स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आसमान से सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी। दिल्ली पुलिस ने भी आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
15 अगस्त को ये रास्ते रहेंगे बंद
दिल्ली पुलिस ने वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिर एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि 15 अगस्त को लाल किला के आसपास के रास्ते आम लोगों के लिए तड़के चार बजे से लेकर पूर्वाह्न 10 बजे तक बंद रहेंगे। रास्ते से केवल अधिकृत वाहन ही गुजरेंगे। लोथियन रोड, निशाद राज मार्ग, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और इसके लिंक रोड से नेताजी सुभाष मार्ग, राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड और आईएसबीटी से आईपी फ्लाईओवर तक बाहरी रिंग रोड बंद रहेंगे।
सोमवार रात 12 बजे से लागू हो जाएंगी पाबंदियां
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि सोमवार रात 12 बजे से मंगलवार सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इस दौरान महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बसों को भी एंट्री नहीं होगी। गीता कॉलेनी पुल और पुराना लोहा पुल बंद रहेगा। लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली मुख्य रेलवे स्टेशन पर बसों की संख्या सीमित रहेगी। इनका मार्ग बदला जाएगा। मंगलवार सुबह 11 बजे के बाद बस सेवा बहाल होगी।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात
रविवार से ही लालकिले और आसपास के इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए स्वाट कमांडो और एनएसजी कमांडो के अलावा समारोह के दौरान सभी गेट पर दिल्ली पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे। संदिग्धों की पहचान करने के लिए, पुलिस चेहरे की पहचान करने वाली तकनीक वाले कैमरों का उपयोग कर रही है। लालकिले और आसपास के इलाके में तो चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
आसपास की सड़कों पर भी एहतियात
लालकिले की ओर जाने वाली सड़कों की भी पुलिस निगरानी कर रही है। विशेष नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जहां से निगरानी करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां आपस में समन्वय कर रही हैं। सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के लिए मचान बनाए गए हैं।
करीब 3000 सुरक्षा प्वाइंट
लालकिले के अंदर और बाहर स्थित पेड़ों और इमारतों की, जहां सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होती है, उनकी सांकेतिक कोडिंग कर सुरक्षा खाका तैयार किया गया है। पेड़ों का कोड निर्धारित कर करीब 3000 सुरक्षा प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां से स्पेशल कमांडो दस्ते संदिग्धों पर पैनी नजर रखेंगे। ये सीधे कंट्रोल रूम के संपर्क में भी रहेंगे। कंट्रोल रूम में 25 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। इस कंट्रोल रूम को सीधे एनएसजी और अन्य दूसरी सुरक्षा एजेंसियों से जोड़ दिया गया है।