गुजरात में AAP चाहती है 2024 में साथ, फिर कांग्रेस क्यों हिचक रही?

आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के प्रमुख इसुदान गढ़वी ने सोमवार को यह कहकर खलबली मचा दी कि AAP और कांग्रेस गुजरात में आगामी लोकसभा चुनाव सीट बंटवारे के फॉर्मूले के तहत लड़ेंगे क्योंकि दोनों पार्टियां विपक्षी I.N.D.I.A गठबंधन की सदस्य हैं।वहीं गढ़वी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने कहा कि पार्टी केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन करेगी।आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों I.N.D.I.A गठबंधन का हिस्सा हैं। हालांकि इस चुनावी गठबंधन को लेकर चल रही बातचीत अभी प्राथमिक स्तर पर है। वैसे वक्त ही बताएगा कि गुजरात में सीट बंटवारे के फॉर्मूले के तहत आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव लड़ते हैं या नहीं…

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन से सत्तारूढ़ पार्टी की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। भाजपा ने आम आदमी पार्टी को कांग्रेस की ‘बी टीम’ करार दिया।आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के प्रमुख इसुदान गढ़वी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यदि सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ, तो मैं गारंटी देता हूं कि भाजपा इस बार गुजरात में सभी 26 सीटें नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए ही अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी विपक्षी I.N.D.I.A गठबंधन में शामिल हुई है।इसुदान गढ़वी ने बताया कि आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई ने उन सीटों के बारे में शोध करना शुरू कर दिया है, जिन पर पार्टी उम्मीदवार उतार सकती है। गुजरात आम आदमी पार्टी प्रमुख के अचानक इस ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने कहा कि अभी अंतिम फैसला होना बाकी है। केंद्रीय नेतृत्व ही इस पर फैसला लेगा।

गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने संवाददाताओं से कहा- मुझे अभी आम आदमी पार्टी की घोषणा के बारे में पता चला है। अन्य दलों के साथ सीट-साझाकरण समझौते को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा अंतिम रूप दिया जाता है। चुनाव पूर्व गठबंधन पर निर्णय लेना केंद्रीय नेतृत्व का विशेषाधिकार है। केंद्रीय नेतृत्व जब इस बारे में यदि राय जानना चाहेगा तो राज्य नेतृत्व इस पर चर्चा करेगा। गुजरात कांग्रेस राष्ट्रीय नेताओं के निर्देशों का ही पालन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *