
यूपी के गोंडा जिले की कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन का क्या हाल होने वाला है, इस बारे में अभी से बता दिया है।सांसद बृजभूषण गुरुवार को बलरामपुर पहुंचे थे। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन का वजूद खत्म हो जाएगा। इस तरह के गठबंधन पहले भी बने हैं जिनका कोई खासा प्रभाव नहीं रहा। एक तरफ महागठबंधन है तो दूसरी तरफ मोदी हैं। गठबंधन में शामिल दल खुद ऐसी हरकत कर रहे हैं, जिससे इनका वजूद खत्म हो जाएगा। कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को पूर्व मंत्री हनुमंत सिंह के आवास पर पहुंचे थे। यहां पर वह मीडिया कर्मियों से मुखातिब हुए।
सांसद बृजभूषण ने कहा कि यह उनका कोई राजनीतिक दौरा नहीं है। वह पूर्व मंत्री से मिलने के लिए आए हुए हैं। पत्रकारों के सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में फिर मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। इंडिया गठबंधन का कोई प्रभाव नहीं रहेगा। कहा कि महागठबंधन का कोई नेता नहीं है जबकि दूसरी ओर मोदी जैसा सशक्त नेतृत्व है। देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के नीतियों पर विश्वास करती है। महागठबंधन में शामिल हर दल के नेताओं को सिर्फ अपना ही दिख रहा है। आपस में ही सामंजस्य नहीं है। आने वाले दिनों में महागठबंधन में शामिल दलों के नेताओं की कटुता सामने आ जाएगी।
कैसरगंज सांसद बृजभूषण ने देवीपाटन मंडल के स्वास्थ्य और शिक्षा की व्यवस्था पर बात की। कहा कि वह इसके लिए हमेंशा से प्रयासरत रहे हैं। उनके नगर में पहुंचने पर भाजपाइयों ने स्वागत किया। कैसरगंज सांसद ने पूर्व मंत्री हनुमंत सिंह से मिलनकर उनका हालचाल जाना। कैसरगंज सांसद ने जिले के पचपेड़वा क्षेत्र के सेमरहना गांव में आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम में भाग लिया। यहीं पर उन्होंने स्कूली बच्चों से संवाद कर सफलता का मंत्र दिया।