परिसीमन बिल पर अखिलेश यादव का सख्त रुख, सपा ने सभी सांसदों को जारी किया 3 लाइन का व्हिप, विरोध में वोट देने का निर्देश

संसद के आगामी विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना रुख साफ कर दिया है। पार्टी ने लोकसभा में अपने सभी सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी करते हुए सदन की पूरी कार्यवाही के दौरान मौजूद रहने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही सांसदों को सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले विधेयकों के विरोध में मतदान करने को कहा गया है। सपा के इस फैसले के बाद विशेष सत्र में परिसीमन और अन्य विधेयकों को लेकर सियासी टकराव बढ़ने के आसार हैं।

धर्मेंद्र यादव ने जारी किया तीन लाइन का व्हिप

समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक और लोकसभा सांसद धर्मेंद्र यादव ने 28 नवंबर को पार्टी के सभी लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया। इसमें बताया गया है कि संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। इस दौरान केंद्र सरकार तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी।

इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 शामिल हैं। धर्मेंद्र यादव ने सांसदों को विशेष सत्र की पूरी अवधि में सदन में उपस्थित रहने और किसी भी स्थिति में कार्यवाही से गैरहाजिर नहीं रहने का निर्देश दिया है।

तीनों विधेयकों के विरोध में वोट करेंगे सपा सांसद

सपा की ओर से जारी व्हिप में सांसदों को सरकार के तीनों विधेयकों के खिलाफ मतदान करने के लिए कहा गया है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि उसके सभी सांसद सदन में एकजुट होकर इन विधेयकों का विरोध करेंगे। ऐसे में विशेष सत्र के दौरान विधेयकों पर चर्चा के साथ-साथ मतदान भी काफी अहम रहने वाला है।

अखिलेश यादव और रविदास मेहरोत्रा भी जता चुके हैं विरोध

परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दल पहले से ही केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। इससे पहले लखनऊ मध्य से सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा था कि पार्टी के सभी सांसद संसद सत्र के दौरान मौजूद रहेंगे और विधेयक के खिलाफ अपनी आवाज उठाएंगे।

वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी परिसीमन के मुद्दे पर बीजेपी को घेर चुके हैं। उन्होंने परिसीमन विधेयक को बीजेपी की राजनीति की सबसे बड़ी भूल बताया है। अब पार्टी की ओर से तीन लाइन का व्हिप जारी होने के बाद विशेष सत्र में सपा सांसदों का विरोध और अधिक संगठित नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *