UP Election 2027: चंद्रशेखर आजाद का बड़ा ऐलान, जीतने पर बनेंगे दो डिप्टी CM; OBC और मुस्लिम समुदाय को मिलेगा मौका

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल अपने कोर वोट बैंक को साधने के लिए घोषणापत्र, गठबंधन और बड़े राजनीतिक वादों के जरिए चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं। इसी बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद तथा AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ ने बड़ा ऐलान किया है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनका गठबंधन जीतता है तो प्रदेश में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। इनमें एक ओबीसी समाज और दूसरा मुस्लिम समुदाय से होगा।

चंद्रशेखर आजाद ने किया दो डिप्टी CM बनाने का ऐलान

चंद्रशेखर आजाद ने मीडिया से बातचीत में गठबंधन के एजेंडे और चुनावी रणनीति को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “हमने कहा है कि दो उपमुख्यमंत्री होंगे, एक OBC समाज से होगा और एक मुस्लिम समुदाय से.  OBC की बड़ी आबादी को देखते हुए, हम चाहते हैं कि इस समूह की हर जाति से नेता उभरें, अपनी आवाज उठाएं और अपने खास मुद्दों को रखें.  इसलिए, उन्हें नेतृत्व का मौका देने के लिए, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें चुनाव लड़ने के भरपूर अवसर मिलें.  हम महिलाओं और किसानों को भी मौके देंगे. “

उम्मीदवारों के चयन को लेकर उन्होंने कहा कि अभी किसी प्रत्याशी के नाम पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। चुनाव में उन्हीं लोगों को टिकट दिया जाएगा जिनके जीतने की संभावना होगी। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को प्रभारी बनाया गया है और उनके काम को देखते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया जा सकता है। चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि चुनाव में मुकाबला सामाजिक परिवर्तन मोर्चा और बीजेपी के बीच होगा।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी साधा निशाना

चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों दल आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं। इस संबंध में उन्होंने कहा, “पहले यह तो देख लें कि उनके मौजूदा गठबंधन का क्या होता है.  जनता देख रही है कि वे एक-दूसरे के बारे में कैसी बातें कर रहे हैं और हर एक सीट के लिए आपस में लड़ रहे हैं.  वे भी हिस्सा चाहते हैं और बाकी लोग भी हिस्सा चाहते हैं, लेकिन जब आप आपस में ही लड़ने में व्यस्त हों, तो यह साफ हो जाता है कि आपका किसी और को हिस्सा देने का कोई इरादा नहीं है.

NDA और विपक्ष के साथ गठबंधन की संभावना से किया इनकार

विपक्षी दलों के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि एनडीए के साथ जाना संभव नहीं है और विपक्षी दल भी उनके साथ गठबंधन नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, “NDA के साथ गठबंधन मुमकिन नहीं है, और विपक्ष के लोग हमें चाहते नहीं हैं. हमने कोशिश जरूर की थी; इतनी बड़ी रैली के बाद भी हमने कहा था कि हमारे दरवाजे खुले हैं, हमें साथ आकर मिलकर काम करना चाहिए, लेकिन ऐसा लगता है कि उन्हें BJP को हराने में कोई दिलचस्पी नहीं है क्योंकि 2017 से 2022 में तो हरा नहीं पाये. मुझे लगता है कि सिर्फ ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ ही मजबूती से मुकाबला करने में सक्षम है.”

सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा सामाजिक परिवर्तन मोर्चा

बता दें कि संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान भी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *