परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच जारी खींचतान के बीच कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को मनाने के लिए चेन्नई पहुंचा है। बीजेपी ने विपक्ष की इस कोशिश पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी जिन नेताओं को पहले गद्दार कहते थे, अब उन्हीं से मदद मांगने पहुंच रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कहा कि कांग्रेस अपनी कोशिश कर सकती है, लेकिन डीएमके इस बिल का समर्थन करेगी। उन्होंने सत्ताधारी पार्टी टीवीके से भी सरकार के प्रस्ताव पर खुले दिमाग से विचार करने की उम्मीद जताई।
एमके स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचा विपक्षी प्रतिनिधिमंडल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी समेत विपक्षी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर एमके स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई पहुंचा है। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य स्टालिन से केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह करना है।
‘घबराए हुए हैं राहुल गांधी’, राम माधव ने कसा तंज
बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कांग्रेस की इस राजनीतिक कवायद पर तंज कसते हुए राहुल गांधी को घबराया हुआ बताया। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी घबराए हुए हैं. वे डरे हुए हैं कि इस स्थिति को कैसे संभालें इसलिए वे इधर-उधर भाग रहे हैं. एक स्पेशल फ्लाइट चेन्नई आ रही है और 10-12 लोग उन नेताओं से मिलने जा रहे हैं, जिन्हें वे खुद ‘एट्टप्पन’ (तमिल में गद्दार) कहते थे. वे इन ‘एट्टप्पन’ लोगों से मदद मांगने आ रहे हैं. यह वाकई मजेदार है. वे अस्पताल में शरद पवार से भी मिलने जा रहे हैं. उन्हें कोशिश करने दीजिए, यह लोकतंत्र है, लेकिन मुझे यकीन है… मैंने डीएमके जैसी पार्टियों के बयान देखे हैं… मुझे बस यही उम्मीद है कि सत्ताधारी पार्टी टीवीके भी हमारी सरकार के इस प्रस्ताव को खुले दिमाग से देखेगी. मैं बस इतना कहूंगा कि आप गलत लोगों की संगत में हैं.’
कांग्रेस और डीएमके के बीच क्यों बढ़ी दूरी?
तमिलनाडु में अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन से अलग होकर टीवीके को समर्थन देने और गठबंधन सरकार में शामिल होने का फैसला किया था। इसके बाद से कांग्रेस और डीएमके के बीच राजनीतिक तनाव बना हुआ है। डीएमके ने कांग्रेस पर परिसीमन के मुद्दे पर अपना रुख बदलने का आरोप भी लगाया है।
वहीं, परिसीमन विधेयक को पारित होने से रोकने की रणनीति के तहत विपक्षी INDIA गठबंधन के कुछ अन्य नेताओं को साथ लेकर यह प्रतिनिधिमंडल चेन्नई और मुंबई का दौरा कर रहा है। मुंबई में प्रतिनिधिमंडल एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से भी मुलाकात करेगा।
डीएमके ने एक दिन पहले ही किया था बिल का समर्थन
परिसीमन विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किया जाना है। विपक्षी नेताओं की यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सदस्यों वाली डीएमके ने एक दिन पहले ही बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया था।
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने शनिवार को कहा था कि उनकी पार्टी ने इस प्रस्ताव के समर्थन का फैसला इसलिए किया है, क्योंकि इसमें उनकी दो प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है। उन्होंने इसे अपनी पार्टी के संघर्ष की जीत के साथ-साथ सभी दक्षिणी राज्यों की जीत भी बताया था।