अखिलेश यादव का दावा- यूपी चुनाव हार रही BJP! परिसीमन को लेकर बोले- कमल मुरझा गया तो क्या उम्मीद करेंगे?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले परिसीमन बिल को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को यूपी चुनाव से जोड़ते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी उत्तर प्रदेश का चुनाव हार रही है और युवाओं, खासकर GEN Z के नौकरी और रोजगार से जुड़े आंदोलनों से ध्यान भटकाने के लिए परिसीमन का मुद्दा उठा रही है।

अखिलेश यादव बोले- यूपी का चुनाव हार रही है बीजेपी

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी अभी तक उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए कोई प्रभावी नैरेटिव तैयार नहीं कर पाई है। उन्होंने पार्टी के चुनाव चिह्न कमल को लेकर तंज कसते हुए कहा, “बहुत साधारण सी बात है. यूपी वो खोना नहीं चाहते हैं और यूपी वो हार रहे हैं. अभी तक उनका कोई नैरेटिव सेट नहीं हुआ. जब कमल मुरझा गया तो क्या नारा दे रहे हैं? राधे राधे कमल खिला दे. भाई ये कमल मुरझा गया. उन्होंने खुद महसूस कर लिया ना कि कमल मुरझा गया. तो जिस पार्टी का कमल मुरझा गया हो उससे क्या उम्मीद करोगे आप?”

सपा प्रमुख का आरोप है कि प्रदेश में युवाओं के नौकरी और रोजगार से जुड़े सवालों से ध्यान हटाने के लिए परिसीमन का मुद्दा सामने लाया जा रहा है। उनके मुताबिक, बीजेपी को चुनाव से पहले इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

महिला आरक्षण के पक्ष में है समाजवादी पार्टी

परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी का रुख भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “परिसीमन भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल होगी. महिला आरक्षण को लेकर के समाजवादी पार्टी को नाराजगी नहीं है. समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है. महिलाओं के पक्ष में आरक्षण हो लेकिन PDA की महिलाएं ना छूट जाएं. महिला आरक्षण जो पास हो चुका है.”

अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए यह सवाल उठाया कि इसके लाभ से पीडीए वर्ग की महिलाएं वंचित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने महिला आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया को अलग-अलग नजरिए से देखने की जरूरत बताई।

लोकसभा सीटों की सीमाओं को लेकर अखिलेश ने उठाए सवाल

सपा अध्यक्ष ने लोकसभा सीटों की संख्या में प्रस्तावित बढ़ोतरी और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “33% सीटें बढ़ाने के बहाने.. आप 50% सीटें बढ़ा रहे हो और वो सीटें जिसकी आपने सीमाएं पहले ही तय कर रखी हैं. लोकसभा के क्या क्या क्षेत्र होगा, क्या सीमाएं होंगी?”

उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी का कैसे भरोसा करेंगे, जो देश की सीमाओं को नहीं सुरक्षित कर पा रहे हैं. वो सीमाएं बदल लें लोकसभा की..”

अखिलेश यादव का कहना है कि परिसीमन के तहत लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव को लेकर कई सवाल हैं, जिनका स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।

GEN Z, किसान और व्यापारी की नाराजगी का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने अपने बयान में युवाओं, किसानों और व्यापारियों की नाराजगी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने अमेरिका की ओर से लगाए जा रहे टैरिफ और भारतीय बाजार में चीन के सामान की मौजूदगी का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल किए।

उन्होंने कहा, “जब GEN Z नाराज़ है, किसान नाराज़ है, व्यापारी नाराज़ है, अमेरिका आप पर टैरिफ के बाद टैरिफ लगा रहा है. चीन आपका बाजार अपने सामान से भर दे रहा है. आपके कई बड़े फैसलों के उदाहरण हमारे सामने हैं. मसलन, नोटबंदी से आखिर अर्थव्यवस्था को क्या फायदा हुआ? बैंकें डूब गईं. अठारह लाख करोड़ आपको बट्टे खाते में पैसा डालना पड़ गया.”

सपा प्रमुख ने नोटबंदी का उदाहरण देते हुए केंद्र सरकार के बड़े फैसलों के आर्थिक परिणामों पर सवाल उठाए। उनके बयान के बाद परिसीमन बिल और महिला आरक्षण को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहस और तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *