परिसीमन बिल पर कॉकरोच जनता पार्टी की बड़ी अपील, पूछा- नई संसद में युवाओं को कितनी सीटें मिलेंगी?

परिसीमन विधेयक को लेकर देश में जारी राजनीतिक घमासान के बीच अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने सभी राजनीतिक दलों और सांसदों से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर परिसीमन विधेयक का विरोध करने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि परिसीमन की बहस में देश की युवा आबादी के प्रतिनिधित्व पर भी चर्चा होनी चाहिए।

कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘हम सभी राजनीतिक दलों और संसद सदस्यों से अपील करते हैं कि वे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठें और परिसीमन विधेयक का विरोध करके राष्ट्र के लिए एक मजबूत रुख अपनाएं!’

अभिजीत दीपके ने बीजेपी की परिसीमन योजना पर उठाए सवाल

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी एक्स पर पोस्ट कर परिसीमन को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि डिलिमिटेशन लागू करके बीजेपी भारत के चुनावी नक्शे को फिर से तैयार करना चाहती है, लेकिन इस नए नक्शे में देश के युवाओं की जगह कहां होगी?

दीपके ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्तमान में भारत की करीब 58 प्रतिशत आबादी 35 साल से कम उम्र की है। वर्ष 2029 तक यह आंकड़ा बढ़कर करीब 60 प्रतिशत पहुंचने की उम्मीद है। इसके बावजूद संसद में युवा प्रतिनिधियों की हिस्सेदारी काफी कम है।

मौजूदा लोकसभा में 35 साल से कम उम्र के सिर्फ 25 सांसद

अभिजीत दीपके ने मौजूदा लोकसभा में युवाओं के प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाया। उनके मुताबिक, 35 साल से कम उम्र के सांसदों की संख्या केवल 25 है, जो कुल सांसदों का करीब 5 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि देश की लगभग 58 प्रतिशत आबादी युवा होने के बावजूद संसद में इस पीढ़ी की हिस्सेदारी महज 5 प्रतिशत है। ऐसे में जब लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने की बात हो रही है, तो यह सवाल भी उठना चाहिए कि नई सीटों में से कितनी सीटें युवा प्रतिनिधियों को मिलेंगी।

परिसीमन की बहस में युवाओं के प्रतिनिधित्व पर क्यों नहीं हो रही चर्चा?

दीपके ने सवाल किया कि क्या नई संसद में युवाओं को आखिरकार पर्याप्त जगह मिल पाएगी? उन्होंने कहा कि परिसीमन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच लगातार बहस हो रही है, लेकिन कोई भी पार्टी युवाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे को प्रमुखता से नहीं उठा रही है।

कॉकरोच जनता पार्टी की इस प्रतिक्रिया ने परिसीमन विधेयक पर चल रही बहस में युवा प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी जोड़ दिया है। पार्टी का सवाल है कि संसद में सीटें बढ़ाने की चर्चा के साथ देश की बड़ी युवा आबादी को राजनीतिक व्यवस्था में उचित भागीदारी देने पर भी विचार होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *