परिसीमन बिल पर कपिल सिब्बल की चेतावनी, बोले- 30 नवंबर को पास हुआ तो संवैधानिक लोकतंत्र के लिए होगा विनाशकारी मोड़

वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने परिसीमन बिल और 131वें संविधान संशोधन को लेकर विपक्षी दलों को आगाह किया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि अगर 30 नवंबर को यह बिल पारित हो जाता है, तो देश में लोकतंत्र का जो हिस्सा अभी बचा हुआ है, वह भी खत्म हो सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की सत्तारूढ़ बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने सत्ता में आने के बाद से ही देश के संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने की दिशा में काम शुरू कर दिया था।

30 नवंबर को बिल पास होने पर लोकतंत्र को खतरा: कपिल सिब्बल

कपिल सिब्बल ने शुक्रवार (27 नवंबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने अपने हालिया इंटरव्यू का वीडियो क्लिप भी लगाया। इस दौरान उन्होंने परिसीमन बिल और संविधान संशोधन के संभावित प्रभावों को लेकर चिंता जताई।

उन्होंने कहा, ‘हम आज इस मोड़ पर खड़े हैं. 30 नवंबर को जब यह संविधान संशोधन बिल पारित होगा, तब हम संवैधानिक लोकतंत्र के लिए एक विनाशकारी मोड़ पर होंगे. आगे चलकर इस संविधान में और संशोधन किए जाएंगे और लंबे समय के लिए इसे एक ऐसी निरंकुश शासन व्यवस्था में बदल दिया जाएगा, जहां कार्यपालिका अपनी मनमर्जी से फैसले लेगी.’

सिब्बल ने आगे आशंका जताई कि आने वाले समय में संसद और न्यायपालिका की भूमिका भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘संसद अगर अस्तित्व में भी रही, तो उसकी भूमिका पूरी तरह खत्म कर दी जाएगी. अदालतों में होने वाली नियुक्तियां भी सरकार की पसंद के मुताबिक होंगी. यह मेरा अनुमान है. इस बात को समझ लीजिए.’

मोदी सरकार पर संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने का आरोप

कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी पर आरोप लगाया कि पार्टी ने केंद्र की सत्ता में आने के बाद से ही देश के संवैधानिक ढांचे को खत्म करने की दिशा में कदम उठाने शुरू कर दिए थे।

उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत 2014 में हुई और अब 2026 तक लोकतंत्र का जो हिस्सा बचा हुआ है, वह भी खतरे में है। सिब्बल ने विपक्षी दलों से परिसीमन बिल और 131वें संविधान संशोधन के मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने तथा इसके खिलाफ अपनी बात रखने की अपील की।

वोटर लिस्ट में हेरफेर कर वोट चोरी का आरोप

अपने बयान में कपिल सिब्बल ने बीजेपी पर विधानसभा चुनावों में धांधली करने और मतदाता सूची में बदलाव के जरिए वोट चोरी करने के आरोप भी लगाए। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी को यह एहसास हो गया था कि उसने जनता का विश्वास खो दिया है। इसके बाद पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मदद से मतदाता सूचियों में कथित तौर पर हेरफेर करना शुरू किया।

सिब्बल ने कहा, ‘मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि BJP की एक योजना थी, जिसे वह लागू करना चाहती थी. योजना यह थी कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान उसे यह समझ आ गया था कि बीजेपी ने जनता का विश्वास खो दिया है. इसके बाद उसने ज्ञानेश कुमार (CEC) की मदद से वोटर लिस्टों में हेरफेर करना शुरू किया और हाल में जिन राज्यों में चुनाव हुए, वहां अपनी चुनावी जीत सुनिश्चित की.’

उन्होंने आगे आरोप लगाया, ‘इस लिस्ट में महाराष्ट्र, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, बिहार और कुछ अन्य राज्य शामिल हैं, जहां ऐसा किया गया. ऐसा नहीं है कि BJP ने पहले वोटर लिस्ट में हेरफेर नहीं किया था, लेकिन अब उसने यह काम संस्थागत तरीके से किया.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *