परिसीमन बिल पर राहुल गांधी का सख्त रुख, बोले- बीजेपी राजनीतिक फायदे के लिए करना चाहती है बदलाव; स्टालिन ने रखीं 2 शर्तें

संसद के विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि विपक्ष परिसीमन बिल का कड़ा विरोध करेगा। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने सभी सांसदों से कहा कि वे जनता और संसद के सामने यह बात रखें कि बीजेपी अपने राजनीतिक फायदे के लिए परिसीमन करना चाहती है। राहुल गांधी ने डीएमके से भी कांग्रेस के साथ खड़े होने की अपील की।

वहीं, डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने परिसीमन को लेकर अपनी पार्टी का रुख साफ कर दिया है। संसद में बिल को समर्थन देने की अटकलों के बीच उन्होंने कहा है कि डीएमके तमिलनाडु के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी। स्टालिन ने इस मुद्दे पर दो स्पष्ट शर्तें भी रखी हैं।

परिसीमन बिल पर राहुल गांधी ने विपक्ष से एकजुट होने को कहा

30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने परिसीमन बिल के खिलाफ अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में राहुल गांधी ने सांसदों को इस मुद्दे पर जनता के बीच जाने और संसद में भी पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने को कहा।

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी का कहना था कि बीजेपी राजनीतिक लाभ के लिए परिसीमन कराना चाहती है। उन्होंने डीएमके से भी कांग्रेस के साथ आने की बात कही। ऐसे में विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच एकजुटता अहम रहने वाली है।

एमके स्टालिन ने परिसीमन पर रखीं दो बड़ी शर्तें

डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर परिसीमन को लेकर पार्टी का पक्ष सामने रखा। उन्होंने लिखा, ‘भारत में परिसीमन के खतरों के खिलाफ आवाज उठाने वाली पहली पार्टी डीएमके थी. चेन्नई में ही पहली बार देश भर के राजनीतिक नेता एक साथ आए और निष्पक्ष परिसीमन की मांग की.’

स्टालिन ने तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव और निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्य समिति की बैठक में लिए गए फैसलों का हवाला देते हुए दो मांगें रखीं। उनकी पहली शर्त है कि यदि लोकसभा में संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी सीटों की हिस्सेदारी किसी भी परिस्थिति में कम नहीं होनी चाहिए।

दूसरी शर्त के तहत उन्होंने कहा कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात निर्धारित किया गया था और जिसे पहले फ्रीज कर दिया गया था, उसे अगले 25 वर्षों तक भी यथावत रखा जाना चाहिए।

कांग्रेस पर स्टालिन का इशारों में हमला

एमके स्टालिन ने साफ कर दिया कि डीएमके अपनी दोनों मांगों पर पूरी तरह कायम है और इस मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और किसी भी तरह के समझौते का तो सवाल ही नहीं उठता.’

इसी दौरान डीएमके प्रमुख ने अपनी पूर्व सहयोगी कांग्रेस पार्टी पर भी इशारों में निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘मीडिया में चल रही अटकलें या पीठ पीछे वार करने वालों की फुसफुसाहटें, हमारे रुख को किसी भी तरह से डिगा नहीं सकतीं. सत्ता के पदों के लिए अपने सिद्धांतों को त्यागने वाले उन बेशर्म और एहसान-फरामोश लोगों को यह बात समझ लेनी चाहिए.’

स्टालिन ने दोहराया कि डीएमके तमिलनाडु के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी और अपने सिद्धांतों से भी पीछे नहीं हटेगी। ऐसे में संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस और डीएमके के बीच राजनीतिक रणनीति और तालमेल पर सबकी नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *