संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश में एक नया राजनीतिक विवाद सामने आया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया है कि उन्हें बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने के लिए मेरठ जाते समय बॉर्डर पर ही रोक दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उत्तर प्रदेश में बाबासाहेब की प्रतिमा पर फूल चढ़ाना और माला पहनाना भी अपराध हो गया है? इस मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने भी विरोध जताया है।
सौरव दास ने सोशल मीडिया पर किया दावा
सौरव दास ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने साथ हुई कथित घटना की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘मैं संविधान दिवस पर बाबासाहेब अंबेडकर जी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मेरठ जा रहा था, लेकिन मुझे सीमा पर रोक दिया गया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। क्या आज उत्तर प्रदेश में बाबासाहेब को फूल चढ़ाना अपराध है? क्या यूपी में बाबासाहेब जी के मूर्ति को माला चढ़ाना आज एक अपराध हे? मैं इसका विरोध करता हूं.’
CJP ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस घटना पर नाराजगी जताई। पार्टी ने सवाल उठाते हुए लिखा, ‘यह सरकार बाबासाहेब के संविधान और उनके सिद्धांतों की इतनी विरोधी क्यों है?’
नागपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ प्रदर्शन
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी चुनाव आयोग की कथित अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को नागपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ प्रदर्शन और जनसभा आयोजित कर रही है। पार्टी की ओर से सरकार और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई आरोप लगाए गए हैं।
दीपके ने सरकार पर लगाया लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप
CJP नेता दीपके ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ‘देशभर में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है. इसकी शुरुआत चुनावों के दौरान विधायकों की खरीद-फरोख्त से हुई और फिर हर राज्य में वोटों की चोरी होने लगी. कोल्हापुर में गोकुल डेरी चुनाव हारने के बाद अब वे दूध सहकारी संस्था में अपने लोगों को बैठाने की कोशिश कर रहे हैं और चुनावों को हाईजैक कर उनमें धांधली कर रहे हैं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘एक छोटी दूध सहकारी संस्था के चुनाव में चोरी करने पर उन्हें शर्म आनी चाहिए. क्या देश में अब लोकतंत्र बचा है या नहीं?” दीपके ने दावा किया कि देश में चुनाव केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं और सरकार बनाने या चुनाव हारने का फैसला बीजेपी मुख्यालय में ही किया जा रहा है।
चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर भी लगाए आरोप
दीपके ने निर्वाचन आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ‘निर्वाचन आयोग यानी ज्ञानेश कुमार को जीतने वाले उम्मीदवारों और उनकी जीत के अंतर की सूची का केवल एक व्हाट्सऐप मैसेज मिलता है और वह कठपुतली की तरह प्रेस कॉन्फ्रेंस में उसकी घोषणा कर देते हैं.’
इन बयानों के जरिए CJP नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। वहीं, मेरठ में सौरव दास को रोके जाने का दावा भी राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है।