आजम खान का बड़ा बयान, बोले- अखिलेश यादव मुख्यमंत्री से भी आगे बहुत कुछ बनेंगे, ओवैसी पर भी साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सिर्फ मुख्यमंत्री तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इससे भी आगे बहुत कुछ बनेंगे। सपा के चुनावी घोषणा पत्र जारी करने के कार्यक्रम में बोलते हुए आजम खान ने कहा कि वह 50 साल तक नेताजी यानी मुलायम सिंह यादव के साथ रहे और अब अखिलेश यादव के साथ हैं। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि अखिलेश यादव आने वाले समय में बड़ी राजनीतिक भूमिका निभाएंगे।

अखिलेश यादव को लेकर क्या बोले आजम खान?

आजम खान ने अखिलेश यादव के भविष्य को लेकर कहा कि वह अभी जहां हैं, उससे बहुत आगे जाएंगे। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव यहीं नहीं होंगे, इंशा अल्लाह ये बहुत आगे होंगे.” उनके इस बयान को सपा प्रमुख के राजनीतिक भविष्य को लेकर उनके भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है।

ओवैसी पर बिना नाम लिए आजम खान का हमला

अपने संबोधन के दौरान आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर उनका नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को ओवैसी से जोड़कर देखा जा रहा है। आजम खान ने कहा, “आपने उनका कद बहुत बढ़ा दिया है. लेकिन कल से मैंने कोशिश की है कि उन्हें कुछ ऐसी दवा मिलनी चाहिए जिससे उनकी बीमारी का निजात मिले कि वो बेवजह खुद को बढ़ाए जा रहे हैं. उनके सामने क्यों बड़ा टारगेट नहीं है. बहुत छोटा सा टारगेट है कि किस तरह से वो सरकार न बनन दें. वो खुद को न कुछ बन सकते हैं और न बनवा सकते हैं लेकिन किसी का खेल बिगाड़ दें, ये बहुत घटिया मंसूबा है. आप उसे अच्छी तरह समझते हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “ऐसे लोग कभी भी कामयाब नहीं हो सकते है. ऐसे लोगों ने कमजोर लोगों को नुकसान पहुंचाया है. ये जमीन वालों के भी गुनहगार हैं और आसमान वालों के भी गुनहगार हैं.”

बोले- हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं

आजम खान ने अपने संबोधन में खुद को और अपनी पार्टी की राजनीति को लोगों को जोड़ने वाला बताया। उन्होंने कहा, “हम बहता हुआ दर्द का समंदर हैं दोस्तो, गंदा नाला नहीं हैं. हम इंसानों के दिल बांटते नहीं हैं. बस्तियां बर्बाद नहीं करते हैं. हम वोट कटवा नहीं हैं, वोट जुड़वा है. हम लोगों को जोड़ते हैं.”

जेल के दिनों को याद कर भावुक हुए आजम खान

कार्यक्रम के दौरान आजम खान ने जेल में बिताए दिनों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय टीवी खोलने पर हर तरफ उनकी ही चर्चा होती थी और अखबारों के दो-दो पन्ने उनके गुनाहों की खबरों से भरे रहते थे। जेल के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा, “हर रात अपने मालिक से दुआ करते थे कि अल्लाह अगर गम की कोई सुबह आने वाली है तो तू सुबह नहीं दिखाना. हर रात मौत की दुआ करके सोते थे.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *