UP में तैयार होगी 1 लाख से ज्यादा स्वयंसेवकों की सुरक्षा फौज, योगी सरकार का बड़ा प्लान, 75 जिलों में होगा विस्तार

उत्तर प्रदेश में आपदा, युद्ध और किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए योगी सरकार नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में जुटी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संकट के समय आम नागरिक केवल दर्शक बनकर न रहें, बल्कि प्रशिक्षित होकर फर्स्ट रिस्पॉन्डर यानी प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता की भूमिका निभाएं। इसके लिए प्रदेश में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। अब तक एक लाख से अधिक स्वयंसेवक इस अभियान से जुड़ चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने रविवार को लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित एयर रेड-ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-26 के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आपदा कभी बताकर नहीं आती और न ही किसी तारीख का इंतजार करती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का सजग, सतर्क और प्रशिक्षित रहना जरूरी है। संकट के समय सही निर्णय, समय पर सूचना और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

नागरिक सुरक्षा संगठन का 75 जिलों तक होगा विस्तार

सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नागरिक सुरक्षा संगठन की स्थापना की गई थी। हालांकि, उत्तर प्रदेश में 1962 से 2017 तक यह संगठन कुछ चुनिंदा जिलों तक ही सीमित रहा।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के पराक्रम और देश की सुरक्षा से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश के सभी 75 जिलों में नागरिक सुरक्षा संगठन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में 60 जिलों में संगठन का गठन हो चुका है। इन सभी जिलों में जिलाधिकारी संगठन के नियंत्रक के तौर पर काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, सभी 60 जिलों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए हेड सायरन भी पहुंचाए जा चुके हैं। इनकी मदद से युद्ध, प्राकृतिक आपदा और आंतरिक संकट के समय लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सकेगा।

एक लाख से अधिक स्वयंसेवक अभियान से जुड़े

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 1,01,362 स्वयंसेवक नागरिक सुरक्षा अभियान से जुड़ चुके हैं। ये स्वयंसेवक आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था को अतिरिक्त मजबूती देंगे और समाज की सामूहिक शक्ति के रूप में काम करेंगे।

उन्होंने बताया कि अब तक 1,08,627 नागरिकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स तथा होमगार्ड के जवान शामिल हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रशिक्षण इस स्तर का होना चाहिए कि स्वयंसेवक किसी भी चुनौती का सामना कर सकें और आपदा के कारण होने वाली जन-धन की क्षति को कम किया जा सके।

इसके अलावा, सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने नागरिक सुरक्षा संगठन के मास्टर ट्रेनर्स को विशेष प्रशिक्षण भी दिया है।

मॉक ड्रिल से परखी जाएगी आपदा प्रबंधन की तैयारी

सीएम योगी ने कहा कि मॉक ड्रिल महज एक अभ्यास नहीं, बल्कि आपदा से निपटने की तैयारियों की वास्तविक परीक्षा है। इससे यह पता चलता है कि संबंधित एजेंसियां कितनी तत्पर हैं और व्यवस्था में कहां सुधार की जरूरत है।

उन्होंने निर्देश दिया कि लखनऊ की तरह प्रदेश के प्रत्येक जिले में नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित की जाए। इसके लिए अलग-अलग आपदाओं और परिस्थितियों के अनुसार अभ्यास की कार्ययोजना तैयार करनी होगी। बाढ़, भूकंप, आगजनी, आतंकी घटनाओं और युद्ध जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए अलग-अलग मॉक ड्रिल कराई जानी चाहिए, ताकि नागरिकों और संबंधित एजेंसियों को हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार किया जा सके।

पुलिस, NDRF, SDRF और होमगार्ड के बीच बनेगा बेहतर तालमेल

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, यूपी पुलिस, पीएसी और होमगार्ड के जवानों के नियमित प्रशिक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों को मिलकर अभ्यास करना चाहिए, ताकि वास्तविक संकट के दौरान राहत और बचाव कार्यों में कोई बाधा न आए।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में त्योहारों के दौरान जब 25 करोड़ की आबादी उत्सवों में शामिल होती है, तब पुलिस और होमगार्ड के जवान पूरी तत्परता से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। इसी तरह बाढ़ या दूसरी आपदाओं के समय पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी की फ्लड यूनिट और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक मिलकर काम करते हैं। इनके आपसी समन्वय से संकट के प्रभाव और नुकसान को कम किया जा सकता है।

‘संकट के समय कुआं नहीं खोदा जाता’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है, जिससे आम नागरिकों का भरोसा मजबूत हुआ है। इस विश्वास को और बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल के कार्यक्रम नियमित रूप से चलाने होंगे।

उन्होंने कहा कि आपदा आने के बाद तैयारी शुरू करने के बजाय पहले से ही संसाधन, प्रशिक्षित स्वयंसेवक और समन्वित व्यवस्था तैयार रखनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, “संकट के समय कुआं नहीं खोदा जाता. इसलिए प्यास लगने से पहले ही तैयारी होनी चाहिए.”

प्रदेश सरकार का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें किसी भी आपातकालीन स्थिति में तेजी से कार्रवाई करके जन-धन की हानि को रोका जा सके।

कार्यक्रम में कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा और अमरीश कुमार मौजूद रहे।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार और डीजी नागरिक सुरक्षा अशोक कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *