PM Modi का बिहारी अंदाज हुआ वायरल! नीतीश सेतु पर गमछा लहराकर किया अभिवादन, बोले- ‘Gamcha is Back!’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (21 नवंबर) को बिहार के वैशाली पहुंचे, जहां उन्होंने 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया. इन परियोजनाओं में उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ने वाले गंगा नदी पर बने 9.76 किलोमीटर लंबे छह लेन के नीतीश सेतु का उद्घाटन भी शामिल रहा. इस दौरान प्रधानमंत्री का एक खास अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया.

करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने बिहारी अंदाज में गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया. उन्होंने पुल पर खड़े होकर गमछा लहराया, जिसके जवाब में वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तरीके से ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए. इसके बाद प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर भी लोगों का अभिवादन किया.

पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो, लिखा- ‘Gamcha is Back!’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इस खास अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी साझा किया. वीडियो में वह मंच पर खड़े होकर बिहारी स्टाइल में गमछा लहराते और घुमाते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान वहां मौजूद लोगों का उत्साह और नारेबाजी भी सुनाई दे रही है.

पीएम मोदी ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘गमछा इज बैक!’ (Gamcha is Back!) प्रधानमंत्री की इस पोस्ट के बाद उनका गमछा लहराने वाला अंदाज चर्चा में आ गया.

पीएम मोदी ने जनसभा को किया संबोधित

वैशाली में विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने जनसभा को भी संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने वहां उमड़ी भारी भीड़ का जिक्र करते हुए कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि इतनी विशाल भीड़ को कोई भी कैमरा पूरी तरह से कैद कर पाएगा. यह जनसैलाब इस बात का जीता-जागता सबूत है कि लोगों में विकास के प्रति जागरूकता और समर्पण लगातार बढ़ रहा है.’

छठ महापर्व का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘लोक आस्था का महापर्व छठ अभी-अभी संपन्न हुआ है और अब छठी मैया के आशीर्वाद से हम यहां विकास का उत्सव मनाने के लिए जुटे हैं.’

नीतीश कुमार की तारीफ में क्या बोले प्रधानमंत्री?

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल की भी सराहना की. उन्होंने कहा, ‘नीतीश कुमार ने कई सालों तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की. अब उन्हीं के आशीर्वाद से सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम इस मिशन को आगे बढ़ा रही है. इसी भावना के साथ, आज यहां हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है.’

प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में एक तरफ हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई, तो दूसरी तरफ गमछा लहराने वाले उनके बिहारी अंदाज ने भी लोगों का ध्यान खींचा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *