PM मोदी की मंत्रिपरिषद बैठक में 2047 का रोडमैप तैयार करने पर जोर, नशे के खिलाफ अभियान को लेकर हुए भावुक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को दिल्ली के भारत मंडपम में हुई केंद्रीय मंत्रिपरिषद की अहम बैठक समाप्त हो गई। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस बैठक में प्रधानमंत्री ने सभी विभागों के मंत्रियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी योजनाओं के केंद्र में आम जनता को रखने और यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि योजनाओं का लाभ लोगों तक सीधे और आसानी से पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने सितंबर में हुई पिछली बैठक के दौरान तैयार किए गए प्लान पर भी मंत्रियों से फीडबैक लिया।

फिलीपींस दौरे से लौटते ही पीएम मोदी ने बुलाई बैठक

प्रधानमंत्री मोदी ने यह बैठक अपने दो दिवसीय मनीला दौरे से नई दिल्ली लौटने के कुछ ही घंटों बाद की। उन्होंने 16 और 17 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 49वें आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। विदेश दौरे से लौटने के बाद पूरी मंत्रिपरिषद के साथ यह उनकी पहली बैठक थी।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से पिछली बैठक के बाद हुए कामकाज की प्रगति और लंबित कार्यों का ब्योरा लिया। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति तथा सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई।

सितंबर के चिंतन शिविर में तय लक्ष्यों की हुई समीक्षा

बैठक में सितंबर में आयोजित चिंतन शिविर के दौरान मंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों और लक्ष्यों पर अब तक हुए काम का आकलन किया गया। इस दौरान तीन महत्वपूर्ण प्रेजेंटेशन के जरिए सरकार की प्राथमिकताओं और प्रमुख योजनाओं की स्थिति पर जानकारी दी गई।

इनमें गरीबी उन्मूलन और वामपंथी उग्रवाद के खात्मे से संबंधित प्रेजेंटेशन भी शामिल रही। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सुशासन के लक्ष्य केवल कागजों तक सीमित न रहें।

नशे के खिलाफ अभियान पर पीएम मोदी ने दिए सख्त निर्देश

केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में नशे के खिलाफ अभियान को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अभियान को सख्ती से चलाने की बात कही। नशे के मुद्दे पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री भावुक भी नजर आए।

उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में देश और देश के युवाओं को नशे के चंगुल से बचाना है। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाए।

विकसित भारत 2047 का रोडमैप बैठक के केंद्र में रहा

बुधवार की बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा विकसित भारत 2047 का लक्ष्य रहा। इससे पहले सितंबर में आयोजित चिंतन शिविर में भी मंत्रिपरिषद ने इसी विजन पर विशेष जोर दिया था। उस बैठक के बाद विजन@2047 के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक रोडमैप तैयार करने के उद्देश्य से सचिवों के 10 सेक्टोरल समूह बनाए गए थे।

इन समूहों के माध्यम से विभिन्न हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श भी किया गया। बुधवार को हुई बैठक में इसी रोडमैप की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री और सभी विभागों के मंत्रियों ने आकलन किया कि सितंबर की बैठक के बाद से अब तक कितना काम हुआ है और 2047 के लक्ष्य को निर्धारित समय पर हासिल करने के लिए किन क्षेत्रों में तेजी से काम करने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *