जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकी को मार गिराया गया है, जबकि संगठन के टॉप कमांडर मोहम्मद लतीफ भट्ट की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि लतीफ भट्ट भारत के खिलाफ कई आतंकी घटनाओं को अंजाम दे चुका है और कुलगाम में हाल ही में हुए हमले का मास्टरमाइंड भी वही था। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें शामिल रहीं।
कुलगाम हमले के बाद सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन
दरअसल, कुलगाम में हाल ही में आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। हालात का जायजा लेने के लिए सीआरपीएफ के महानिदेशक (DG) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भी कश्मीर पहुंचे थे।
उनका यह दौरा ऐसे समय में हुआ, जब सुरक्षाबल लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट की तलाश में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि कुलगाम में हुए हमले की साजिश लतीफ ने ही रची थी। अब सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया है और लतीफ की तलाश तेज कर दी है।
सुरक्षाबलों को पहले ही मिल गया था हमलावरों का सुराग
सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक (SDG) संदीप खिरवार ने सोमवार को बताया कि कुलगाम जिले में 11 नवंबर को हुए हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में अलर्ट बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे, जिसके बाद पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।
खास बात यह है कि सुरक्षाबलों को हमलावरों के बारे में पहले ही सुराग मिल गया था। इसके बाद से ही आतंकवादियों की तलाश और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान तेज किया गया।
24 घंटे के भीतर आतंकियों ने किश्तवाड़ में की दो पुलिसकर्मियों की हत्या
कुलगाम में हमले के बाद आतंकवादियों ने 24 घंटे के भीतर किश्तवाड़ जिले में भी दो वारदातों को अंजाम दिया था। आतंकियों ने दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPOs) बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या कर दी थी।
बताया गया कि दोनों पुलिसकर्मी आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सेना के साथ जुड़ने के लिए जा रहे थे। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और आतंकवादियों के खिलाफ अभियान जारी है।