खरगे ने दिवाली को बताया ‘खुशियों की ईद’, VHP भड़का, कांग्रेस से माफी मांगने की उठी मांग

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ कहने वाले बयान पर देश की राजनीति गरमा गई है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने इस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस पर हिंदू परंपराओं और धार्मिक भावनाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। VHP के विनोद बंसल ने खरगे के बयान को शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, बीजेपी ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा है और उस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

खरगे के बयान पर VHP ने जताई नाराजगी

VHP नेता विनोद बंसल ने मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से दिपावली को ईद बताना बहुत शर्मनाक और पूरे हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है. ऐसा लगता है जैसे कांग्रेस ने हिंदू आस्था, विश्वास और हमारे त्योहारों पर आघात करने की सुपारी ले रखी है.’

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘पहले कांग्रेस सनातन विरोधी इंडिया गठबंधन के लोगों से बुलवाती है. ये लोग निहत्थे राम भक्तों पर गोलियां चलवाते हैं. वो स्वामी तुलसीदास का अपमान करते हैं और अनेक प्रकार से हिंदुओं पर आघात करने वाले कुचक्र रचते हैं. भारतीय संस्कृति के इस महापर्व में भी उन्हें ईद नजर आती है. भारतीय संस्कृति के त्योहार तो इन्हें नजर ही नहीं आते.’

‘ईद आते ही टोपी लगाकर दौड़ने लग जाते’

विनोद बंसल ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘कांग्रेस हमारे त्योहारों पर जिस तरह का आघात कर रही है, वह उनके जिहादी तुष्टीकरण की दिशा में उठाया गया एक सोचा-समझा षड्यंत्र प्रतीत होता है. आखिरकार भारतीय संस्कृति से इतनी घृणा क्यों. जो खुद को देश की सबसे पुरानी पार्टी बता रहे हैं उन्हें अपने त्योहारों पर शर्म नजर आती है. ईद आते ही टोपी लगाकर चारों तरफ दौड़ने लग जाते हैं, इफ्तार पार्टी करते हैं और हमारा त्योहार इनको रास नहीं आता.’

उनका आरोप है कि कांग्रेस भारतीय संस्कृति और हिंदू त्योहारों के प्रति अलग रवैया अपनाती है। इसी को लेकर उन्होंने पार्टी की नीतियों पर सवाल खड़े किए और खरगे की टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई।

VHP ने कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की

विनोद बंसल ने कांग्रेस से इस बयान पर स्पष्टीकरण देने और माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी जिहादी तुष्टीकरण की नीति किस हद तक गिर जाएगी कि वे देश के बहुसंख्यक समाज का अपमान करने पर उतारू हो गए हैं. क्या हिंदू समाज इस भारत का नागरिक नहीं है. पहले राम का विरोध किया, राम मंदिर का विरोध किया, सुप्रीम कोर्ट में वकीलों की फौज उतार दी और अब त्योहार पर अघात कर रहे हैं. इसके लिए कांग्रेस का माफी मांगनी चाहिए.’

बीजेपी ने भी कांग्रेस पर लगाया तुष्टीकरण का आरोप

मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर बीजेपी ने भी आपत्ति जताई है। पार्टी ने कांग्रेस पर मुस्लिम समुदाय को खुश करने के लिए हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया।

बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि मुस्लिम समुदाय को खुश करने की कोशिश में कांग्रेस ने हिंदू धार्मिक परंपराओं का अनादर करने को अपनी आदत बना लिया है। इस बयान के बाद दिवाली और ईद को लेकर शुरू हुआ विवाद राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *