गोरखपुर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी गोरखपुर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला गोरखपुर दौरा है। कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पदयात्रा की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र जितना मजबूत होगा, भारत विकास के लक्ष्यों को उतनी ही तेजी से हासिल करेगा।
विकसित भारत की राह में बाधा बन रही कुछ ताकतें: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ ताकतें देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की यात्रा में रुकावट पैदा कर रही हैं। ऐसी बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से बीजेपी जनता के बीच पदयात्रा लेकर आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में कांग्रेस और उसका INDIA गठबंधन अराजकता का माहौल बनाने में जुटा है और खुद लोकतंत्र के लिए खतरा बन रहा है।
चुनाव हारने पर EVM को जिम्मेदार ठहराती है कांग्रेस
सीएम योगी ने विपक्षी दलों की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस और उसके सहयोगी चुनाव जीतते हैं तो इसे अपनी मेहनत और पुरुषार्थ का नतीजा बताते हैं। वहीं, चुनाव में जनता द्वारा नकारे जाने पर EVM को जिम्मेदार ठहराने लगते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की यह दोहरी नीति अब लोगों के सामने उजागर हो चुकी है।
SIR को लेकर कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर निशाना
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पहली बार नहीं हो रही है। वर्ष 1952, 1962 और 2003 सहित अलग-अलग समय पर यह प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में जब मतदाता सूची का पुनरीक्षण होता था, तब पार्टी इसका समर्थन करती थी, लेकिन अब चुनाव आयोग की ओर से यही प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने पर विपक्ष विरोध कर रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी और पाकिस्तानी नागरिकों के साथ-साथ जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और INDIA गठबंधन अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और उनके सहयोगियों को इस मुद्दे पर देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
घुसपैठियों के नाम हटाना जरूरी, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश स्वीकार नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई बांग्लादेशी या पाकिस्तानी नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराता है, तो इससे गरीब और वंचित लोगों के अधिकार प्रभावित होते हैं। इसलिए मतदाता सूची से ऐसे नामों को हटाना जरूरी है।
सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भारत तथा संविधान को कटघरे में खड़ा करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जिन संवैधानिक संस्थाओं के आधार पर देश का लोकतंत्र टिका हुआ है, उन्हें कमजोर करने की किसी भी साजिश को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।