उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। गोरखपुर के चौरीचौरा स्थित भोपा बाजार में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में राजनीतिक लुटेरों को हटाने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि इस काम में भाजपा के साथ निषाद पार्टी भी सहयोग कर रही है।
अपने दोनों बेटों को BJP को दान देने की बात क्यों बोले संजय निषाद?
डॉ. संजय निषाद ने अपने दोनों बेटों का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही वे उनके जैविक पुत्र हैं, लेकिन उन्होंने उन्हें भाजपा को दान में दिया है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे अब भाजपा के पुत्र के रूप में जनता के बीच हैं और उन्हें विधायक के रूप में जनकल्याण के लिए पार्टी को सौंपा गया है।
संजय निषाद ने बताया कि वर्ष 2019 में भाजपा की दिल्ली में होने वाली बैठक से पहले उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने अपने दोनों बच्चों को भाजपा को समर्पित करने की बात कही थी। उनके इस बयान ने कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक चर्चा को तेज कर दिया।
चौरीचौरा में 287.56 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
दरअसल, डॉ. संजय निषाद रविवार, 1 नवंबर को चौरीचौरा के भोपा बाजार पहुंचे थे। यहां रेल उपरिगामी ओवरब्रिज के साथ कुल 287.56 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा और प्रदेश की राजनीति को लेकर अपनी बात रखी।
कांग्रेस-सपा-बसपा पर साधा निशाना
संजय निषाद ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों को उत्तर प्रदेश में दोबारा ऐसा अवसर नहीं मिलना चाहिए, जिससे वे प्रदेश को लूट सकें। उन्होंने चौरीचौरा क्षेत्र की जनता से अपील की कि वह किसी के बहकावे में न आए।
उन्होंने चौरीचौरा के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी धरती से अंग्रेजों को भगाने की लड़ाई को गति मिली थी। संजय निषाद के मुताबिक, देश को लूटने वालों को बाहर करने के संघर्ष में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि स्वतंत्रता संग्राम में हर जाति और धर्म के लोगों ने बलिदान दिया था।
तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर भी विपक्ष पर हमला
डॉ. संजय निषाद ने पिछली सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले तुष्टिकरण की राजनीति के कारण कुछ वर्गों को सम्मान मिलता था, जबकि अन्य लोगों को अपमान का सामना करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में सभी जातियों, धर्मों और वर्गों के विकास पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का नारा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ है और सभी वर्गों के लोगों का समान विकास किया जा रहा है।