Mamata Banerjee का CEC ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला, बोलीं- ‘वैनिश कुमार जी, अब आपका वैनिश होगा’; BJP पर वोट चोरी का आरोप

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली के मंच से भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR), कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए। ममता बनर्जी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में SIR की परिस्थितियों का असर पड़ा है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

ममता बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा, ‘पश्चिम बंगाल एसआईआर की परिस्थितियों का शिकार हुआ है, लेकिन हम छोड़ेंगे नहीं, हम अपनी जिंदगी देंगे. हम लड़ेंगे. हम छोड़ेंगे नहीं. उन्होंने वहां पश्चिम बंगाल को लूट लिया, तो हम दिल्ली से लूट नहीं करेंगे, हम लोकतंत्र को बचाएंगे, लोकतंत्र को वापस ले आएंगे.’

SIR को लेकर BJP पर निशाना, EVM और लोकतंत्र लूटने का लगाया आरोप

ममता बनर्जी ने SIR को लेकर BJP पर हमला बोलते हुए इसकी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया के जरिए लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार को नुकसान पहुंचाया गया है। अपने भाषण में उन्होंने कहा, ‘एसआईआर (SIR) का मतलब क्या है- स्पेशल इंटेनसिव रिलीफ टू ए पॉलिटिकल पार्टी लाइक BJP. उन्होंने (ज्ञानेश कुमार ने) क्या नहीं दिया. आप EVM को लूटा, लोकतंत्र को लूटा, संविधान को लूटा, अधिकार को लूटा, आपने हमारे चुनावी मतगणना को लूटा.’

ममता बनर्जी ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची और वोटों की गिनती को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में एक करोड़ से ज्यादा वोट हटाए गए। हालांकि, ये उनके द्वारा रैली में लगाए गए राजनीतिक आरोप हैं।

CEC ज्ञानेश कुमार को ‘वैनिश कुमार’ कहकर साधा निशाना

ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘वैनिश कुमार’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल वोट ही नहीं, बल्कि मतगणना प्रक्रिया भी प्रभावित की गई। उन्होंने कहा, ‘वैनिश कुमार जी, आपने सिर्फ वोट वैनिश नहीं किया, सेंट्रली हाइजैकिंग करके पूरा काउंटिंग वैनिश किया है. हमारे बंगाल में से आपने 1 करोड़ से ज्यादा वोट को निकाल दिया. वोट के पहले हम हारे नहीं, हमें हराया गया. इसका बदला हम राजनीति से लेंगे, हम लोकतंत्र से लेंगे, हम लड़ेंगे.’

इसके बाद ममता बनर्जी ने नौकरियों, लोगों की जिंदगी, महिलाओं के सम्मान और चुनावी प्रक्रिया को लेकर BJP पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ‘आपने किस चीज को नहीं लूटा, आपने नौकरियां लूट लीं, जिंदगियां लूट लीं, मां-बहनों का सम्मान लूटा, चुनाव का हाइजैकिंग किया, वोटर हाइजैकिंग किया. वैनिश कुमार जी अब आपका वैनिश होगा. हमें तो इंतजार है.’

कविता सुनाकर BJP और चुनाव आयोग पर किया कटाक्ष

रैली के दौरान ममता बनर्जी ने एक कविता के जरिए BJP और मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा। उन्होंने वोट चोरी, लोकतंत्र और किसानों-मजदूरों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा, ‘वैनिश-वैनिश (ज्ञानेश-ज्ञानेश) यस पापा, वोट चोरी यस पापा, लोकतंत्र चोरी यस पापा, लूट किया-BJP पापा, परदे के पीछे में कौन है-BJP पापा, लकड़ी चोरी-BJP पापा, इज्जत चोरी-BJP पापा, किसान का सम्मान चोरी-BJP पापा, मजदूर का घर तोड़ा-BJP पापा, BJP को चाहिए-नो पापा. वैनिश कुमार को चाहिए-नो पापा.’

उन्होंने आगे कहा, ‘पहले वैनिश (ज्ञानेश) को हटाओ, उसके बाद दूसरी कहानी, जो आपको देखा जाएगा. आप कहते थे सबका साथ, सबका विकास और अभी लोग कहते हैं कि BJP का साथ, सबका सत्यानाश.’

मंदिर, मस्जिद और वक्फ संपत्ति को लेकर भी BJP पर हमला

ममता बनर्जी ने अपने भाषण में धार्मिक स्थलों और संपत्तियों का मुद्दा उठाते हुए BJP पर कथित लूट के आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ‘इन्होंने क्या नहीं लूटा! मंदिर को लूटा. राम जन्मभूमि का पैसा लूटा, हमारे बंगाल में मंदिर का पैसा लूटा, गुरुद्वारा का बुक पढ़कर गुरुद्वारे में जाते हैं. हमलोगों ने कभी नहीं सुना. उन्होंने मस्जिद लूटा, वक्फ की संपत्ति को लूटा, ट्रेजरी को लूटा और क्या नहीं लूटा- इज्जत लूटा, लोकतंत्र लूटा, संविधान को लूटा, क्या ऐसे ही चलेंगे?’

उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक कामों के लिए किया जा रहा है। ममता बनर्जी ने कहा, ‘पुलिस देकर आप दल का काम कराते हैं, पार्टी का काम कराते हैं. Police have become their comrades. BJP के कॉमरेड. BJP का कोई संगठन नहीं है. BJP जाएगा, जाएगा, जाएगा. जाने वाला है.’

शायरी के जरिए लोकतंत्र और विरोध के अधिकार का उठाया मुद्दा

अपने संबोधन के अंतिम हिस्से में ममता बनर्जी ने शायरी के जरिए विरोध और लोकतंत्र के अधिकार की बात कही। उन्होंने कहा, ‘सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखते हैं जोर कितना बाजुए कातिल में है. वे हमें कहते हैं कि घर से मत निकलो, हाउस अरेस्ट करके रख दिया, मैं कहती हूं कि रौशनी चांद से होती है, सितारों से नहीं, मोहब्बत लोकतंत्र से होता है, पुलिस के अत्याचार से नहीं.’

रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली के दौरान ममता बनर्जी के इस भाषण में SIR, चुनावी प्रक्रिया और लोकतंत्र के मुद्दे प्रमुख रहे। उनके बयानों ने BJP और चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष के आरोपों को फिर चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *