PM मोदी का खरगे के ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर पलटवार, बोले- आखिरी सांस तक करूंगा जनता की सेवा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। पीएम मोदी ने गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे की टिप्पणी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक देश की जनता की सेवा करते रहेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर मुश्किल परिस्थितियों में अफवाहें फैलाकर सरकार को बदनाम करने का आरोप भी लगाया।

गुजरात में पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी में ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 14,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “जीवन के अंतिम क्षण तक मैं जनता की सेवा में ही जुटा रहूंगा.”

खरगे ने पटना में दिया था विवादित बयान

दरअसल, 25 अक्टूबर 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने पटना पहुंचे थे। इसी दौरान दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने चिल्लाकर कहा, ” मोदी कहीं नहीं जाएगा”। इसके जवाब में खरगे ने कहा, ” मोदी का बाप भी जाएगा , बाप भी जाएगा”। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।

विपक्ष पर अफवाह फैलाने का आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को उस समय खुशी होती है, जब देश मुश्किल परिस्थितियों से गुजर रहा होता है। उन्होंने ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए कहा, “ईरान युद्ध के समय उन्होंने(विपक्ष) अफवाहें फैलाईं कि किसानों को खाद नहीं मिलेगी और लोगों को एलपीजी नहीं मिलेगी, क्योंकि वे मोदी को बदनाम करना चाहते थे.”

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने खाद और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का ध्यान देश की जनता की जरूरतों को पूरा करने और लोगों के हित में काम करने पर बना हुआ है।

किसानों के हितों को लेकर सरकार का दावा

प्रधानमंत्री ने किसानों के कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा, “उनकी सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी है और उन्हें सशक्त बनाया है. वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच खाद की कीमतों में भारी उछाल आया, लेकिन हमारी सरकार ने इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया.”

उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने ‘पीएम-किसान सम्मान निधि’ योजना के तहत छोटे किसानों को 4.5 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को आर्थिक सहायता देने और उनके हितों की रक्षा करने के लिए लगातार काम कर रही है।

कांग्रेस ने खरगे के बयान का किया बचाव

मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर कांग्रेस ने उनका बचाव किया था। पार्टी का कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में यह बयान पटना में रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान हुई ‘झड़प(heckling)’ के जवाब में दिया गया था। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा था निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कहा था कि पटना में मोदी जी के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी करके खरगे ने “मर्यादा की सारी हदें पार कर दी हैं”

अमित शाह ने आरोप लगाया कि “यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया हो. कभी उन्होंने उनकी पूजनीय माता जी का अपमान किया, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी उन्हें ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया.”

खरगे के बयान और उस पर प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है। अब यह मुद्दा राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *