उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं के लिए जरूरी जानकारी साझा की है। अब मतदाताओं को अपना मतदान केंद्र खोजने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वे घर बैठे ऑनलाइन अपने पोलिंग बूथ और मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
23 अक्टूबर को होगा मतदान, 14.18 लाख मतदाता करेंगे वोटिंग
उत्तर प्रदेश में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इस चुनाव में कुल 14.18 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वहीं, 152 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतदाताओं के वोट से होगा। मतदान को लेकर प्रदेश में कुल 2,697 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
UP विधान परिषद चुनाव: ऑनलाइन ऐसे पता करें अपना पोलिंग बूथ
मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर अपने मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए तरीके अपनाएं।
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर जाएं।
- वेबसाइट के होम पेज पर ‘Search your polling station by name for Graduate and Teacher Constituency’ विकल्प पर क्लिक करें।
- मांगी गई जानकारी दर्ज करके अपने मतदान केंद्र का विवरण खोजें।
- मतदान से पहले अपने पोलिंग बूथ और मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी जरूर जांच लें।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन किसी परेशानी से बचने के लिए पहले ही ऑनलाइन जानकारी प्राप्त कर लें।
वोट डालने के लिए कौन-कौन से पहचान पत्र होंगे मान्य?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, मतदान के समय मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों के जरिए भी पहचान प्रमाणित की जा सकती है। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट और सरकारी या मान्य संस्थानों की ओर से जारी सेवा पहचान पत्र शामिल हैं।
सांसदों, विधायकों और पार्षदों को जारी सरकारी पहचान पत्र भी मान्य होंगे। दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र और केंद्र सरकार का यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड भी वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में शामिल हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय की ओर से जारी डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र भी निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया जाएगा।
मतदान से पहले जरूर कर लें ये काम
विधान परिषद चुनाव में वोट डालने जाने से पहले मतदाता अपने मतदान केंद्र का पता और मतदाता सूची में अपनी क्रम संख्या ऑनलाइन जांच लें। साथ ही, मतदान के लिए मान्य पहचान पत्र या निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेज अपने साथ रखें। इससे मतदान के दिन पोलिंग बूथ पर होने वाली अनावश्यक परेशानी से बचने में मदद मिलेगी।