उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) राज्य के 12 विभागों में कुल 1784 पदों पर भर्ती करने जा रहा है। इस भर्ती के तहत सभी पद इंटरमीडिएट यानी 12वीं स्तर के हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होगी, जबकि इच्छुक उम्मीदवार 1 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाना होगा।
PET-2025 में शामिल अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन
UPSSSC की इस भर्ती में केवल वही उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र होंगे, जो प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 में शामिल हुए हैं। अभ्यर्थियों की मेरिट PET-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर तैयार की जाएगी। इसी मेरिट के अनुसार उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद फॉर्म में संशोधन करने का अवसर भी दिया जाएगा। अभ्यर्थी 8 दिसंबर तक अपने आवेदन फॉर्म में जरूरी सुधार कर सकेंगे। खास बात यह है कि सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क केवल 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
ग्राम विकास अधिकारी के 525 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती में ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) के सबसे अधिक 525 पद रखे गए हैं। वहीं, ग्राम पंचायत अधिकारी के 508 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अतिरिक्त वाणिज्य कर संग्रह अमीन के 235, भूमि अर्जन अमीन के 187 और समाज कल्याण पर्यवेक्षक के 137 पद शामिल हैं। भंडारपाल एवं लिपिक के 118 पदों पर भी भर्ती होगी।
अन्य पदों की बात करें तो सहकारी कृषि पर्यवेक्षक के 50, सारणीयक के 14 और गृहमाता के पांच पद हैं। इसके अलावा भंडारपाल एवं लिपिक विशेष चयन के दो, फार्म लिपिक के दो और बिक्रीकर्ता का एक पद निर्धारित किया गया है। इस तरह कुल 12 विभागों में 1784 रिक्त पदों को भरा जाएगा।
UPSSSC मुख्य परीक्षा का पैटर्न जानें
भर्ती की मुख्य परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी रहेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को सवालों के जवाब देते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी और परीक्षा की तैयारी निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार करनी चाहिए।
इन विषयों से पूछे जाएंगे प्रश्न
मुख्य परीक्षा में भारतीय इतिहास, भारतीय संविधान, सामाजिक विकास, भारत एवं विश्व का भूगोल, अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास जैसे विषयों से सवाल पूछे जाएंगे। इसके अलावा सामाजिक घटनाओं, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, डाटा इंटरप्रिटेशन और सामान्य हिंदी से संबंधित प्रश्न भी परीक्षा का हिस्सा होंगे।
कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से 15 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि उत्तर प्रदेश से जुड़े विषयों का भार 20 अंकों का होगा। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में दी गई शैक्षिक योग्यता, पात्रता मानदंड और अन्य जरूरी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी जाती है।