रवि किशन से नोकझोंक के बाद BJP पार्षद की सपा में वापसी की तैयारी, सहजनवां से लड़ सकते हैं चुनाव

उत्तर प्रदेश की राजनीति में गोरखपुर से जुड़ी एक नई हलचल सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी समाजवादी पार्टी (सपा) में वापसी कर विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। पिछले महीने भारी बारिश के बाद गोरखपुर की सड़कों पर जलभराव को लेकर सांसद रवि किशन के साथ उनकी फोन पर बहस हुई थी। अब विश्वजीत त्रिपाठी ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की है, जिसके बाद उनके जल्द ही सपा में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

रवि किशन ने फोन पर पूछा था- ‘सपा ज्वाइन कई लेहला का?’

पिछले महीने गोरखपुर में भारी बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया था। इसी मुद्दे को लेकर बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और गोरखपुर के सांसद रवि किशन के बीच फोन पर बातचीत के दौरान नोकझोंक हो गई थी।

इस दौरान रवि किशन ने पार्षद से सवाल किया था, ‘सपा ज्वाइन कई लेहला का…’? उस समय यह टिप्पणी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी थी। अब विश्वजीत त्रिपाठी की अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद उनके सपा में लौटने की अटकलें तेज हो गई हैं।

बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े का न्योता ठुकराकर अखिलेश से मिले

विश्वजीत त्रिपाठी ने बीजेपी के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री विनोद तावड़े के साथ मुलाकात के प्रस्ताव को ठुकरा दिया और लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस घटनाक्रम के बाद उनके बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि विश्वजीत त्रिपाठी जल्द ही सपा की सदस्यता ले सकते हैं। हालांकि, उनके पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

क्या सहजनवां विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे विश्वजीत त्रिपाठी?

विश्वजीत त्रिपाठी ने अखिलेश यादव के सामने गोरखपुर जिले की सहजनवां विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। खबर के मुताबिक, अखिलेश यादव ने भी उन्हें टिकट देने का भरोसा दिलाया है।

यदि विश्वजीत त्रिपाठी सपा में शामिल होते हैं और उन्हें सहजनवां से टिकट मिलता है, तो आगामी विधानसभा चुनाव में गोरखपुर की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। फिलहाल सभी की नजरें उनके अगले राजनीतिक कदम और सपा में औपचारिक वापसी पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *