लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में गणपति विसर्जन के दौरान मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। सिसेंडी गांव के पास सई नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन करने पहुंचे तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। बताया गया कि युवक ढोल-नगाड़ों के साथ भक्ति डांस में मगन थे, इसी दौरान वे नदी के गहरे हिस्से में चले गए। काफी देर तक जब तीनों युवक बाहर नहीं आए तो उनके साथ आए लोगों ने शोर मचाना शुरू किया और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों युवकों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बावजूद जब उनका पता नहीं चला तो पुलिस ने SDRF की टीम को भी बुलाया। देर रात तक नदी में सर्च ऑपरेशन जारी रहा।
डांस करते-करते गहरे पानी में पहुंचे दो युवक, बचाने कूदा तीसरा दोस्त
हादसा मंगलवार 22 सितंबर की शाम करीब 5 बजे हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन करने सई नदी पहुंचे थे। इसी दौरान ढोल-नगाड़ों के बीच लोग भक्ति डांस कर रहे थे। बताया गया कि हरी प्रसाद (35) और धीरज (21) नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
दोनों को डूबता देखकर उनका दोस्त प्रमोद उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गया। हालांकि पानी की गहराई अधिक होने के कारण प्रमोद भी डूब गया। तीनों युवकों के नदी में डूबने के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि शुरुआत में पुलिस को दो युवकों के नदी में डूबने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि दोनों को बचाने के प्रयास में उनका तीसरा साथी प्रमोद भी नदी में उतर गया था और वह भी डूब गया।
गोताखोरों की कोशिश के बाद SDRF की ली गई मदद
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तीनों युवकों की तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद भी जब गोताखोरों को सफलता नहीं मिली तो पुलिस ने SDRF की मदद लेने का फैसला किया।
कुछ देर बाद SDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। देर रात तक चले तलाशी अभियान में तीनों युवकों का पता नहीं चल सका।
तीनों दोस्त और साथ में करते थे पेंटिंग का काम
नदी में डूबे हरी प्रसाद, धीरज और प्रमोद एक ही गांव के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त भी थे। जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक साथ में पेंटिंग का काम करते थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और SDRF की टीम नदी में तीनों युवकों की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद गणपति विसर्जन के दौरान नदी और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।