Telangana BJP Chief की गिरफ्तारी पर भड़के नितिन नबीन, Rahul Gandhi पर भी साधा निशाना

तेलंगाना में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस सरकार और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार (1 सितंबर 2026) को नितिन नबीन ने तेलंगाना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि संविधान को लेकर राहुल गांधी की ओर से दिए जाने वाले भाषण महज दिखावा हैं। उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना की जनता कांग्रेस की कथित तानाशाही मानसिकता का जवाब जरूर देगी।

एन. रामचंदर राव की गिरफ्तारी पर कांग्रेस सरकार घिरी

नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली तेलंगाना कांग्रेस सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के गुंडे हमला करते हैं, तब प्रशासन मूकदर्शक बना रहता है, लेकिन भाजपा नेता जब पीड़ितों से मिलने पहुंचते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है।

भाजपा अध्यक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट भी साझा किया। उन्होंने बताया कि नलगोंडा में भाजपा जिला अध्यक्ष से मिलने जाने से रोकने के लिए तेलंगाना पुलिस ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव को गिरफ्तार किया, जिसके बाद उन्होंने उनसे बातचीत की।

नितिन नबीन ने अपने पोस्ट में कहा, ‘कांग्रेस के गुंडे जब हमला करते हैं, तब प्रशासन चुपचाप बैठी रहता है, लेकिन जब बीजेपी नेता पीड़ित लोगों से मिलने के लिए जाते हैं, तब कांग्रेस की सरकार हमारे नेताओं को गिरफ्तार कर लेती है. राहुल गांधी की तरफ से संविधान को लेकर दिए जाने वाले भाषण सिर्फ दिखावा है. तेलंगाना इस तानाशाही मानसिकता का जबाव देगा!’

रामचंदर राव ने भी पुलिस कार्रवाई पर जताई नाराजगी

गिरफ्तारी को लेकर एन. रामचंदर राव ने भी X पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में तेलंगाना पुलिस के कई जवान उन्हें पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और उनके समर्थक ‘भारत माता की जय’ और ‘कांग्रेस डाउन.. डाउन’ के नारे लगाते नजर आए। कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गिरफ्त से पार्टी अध्यक्ष को छुड़ाने की कोशिश भी की।

एन. रामचंदर राव ने अपने एक्स पोस्ट में कहा, ‘कांग्रेस ने मुझे मेरे नलगोंडा जिला अध्यक्ष से मिलने से रोकने के लिए गिरफ्तार कर लिया है. कांग्रेस से गुंडों ने उनके घर में तोड़फोड़ की थी और मैं उनसे मिलने और उनके प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए जाना चाहता था.’ उन्होंने आगे कहा, ‘लोकतंत्र और संविधान के प्रति पूरी तरह से अनदेखी का प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस सरकार ने मुझे गिरफ्तार कर लिया है.’

इस घटनाक्रम के बाद तेलंगाना में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होता दिखाई दे रहा है। भाजपा ने जहां पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाए हैं, वहीं मामले ने राज्य की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *