गांधीनगर। गुजरात सरकार के जनजातीय विकास मंत्री माननीय नरेश पटेल से गुजराती एवं भोजपुरी सिनेमा के सुप्रसिद्ध अभिनेता राकेश पांडे ने गांधीनगर स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर अभिनेता राकेश पांडे ने मंत्री जी को नाथद्वारा के भगवान श्रीनाथ जी के चरण पादुका के पद-चिह्न भेंट स्वरूप प्रदान किए। यह मुलाकात फिल्म जगत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गौरतलब है कि अभिनेता राकेश पांडे ने भोजपुरी में ‘वीर अर्जुन’ और गुजराती में ‘सरहद नी पार मारी राधा’, ‘गोविंद ठाकोर रिक्षावालो’, ‘गोविंदनी जान राधा चाली जापान’ जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं। वर्ष 2025 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘एकलो रबारी’ पूरे भारत में सुपरहिट रही और वर्तमान में वे अपनी आगामी फिल्म ‘डर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं।
भेंट के दौरान अभिनेता राकेश पांडे ने कहा कि नरेश पटेल जी का जीवन आदिवासियों के उत्थान के लिए समर्पित है। पटेल नवसारी जिले की गांदेवी (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र संख्या 176 से लगातार विधायक हैं और अपनी सरलता और जमीन से जुड़े होने के कारण आदिवासियों में बेहद लोकप्रिय हैं। मंत्री जी के नेतृत्व में आदिवासी क्षेत्रों में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं, उनके नेतृत्व में विश्व आदिवासी दिवस पर 1,014.14 करोड़ की 4,293 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना के तहत 2,803 आदिवासी गांवों में 571 करोड़ से विकास कार्य कराए गए, 6 लाख से अधिक परिवारों को आवास योजना में पक्के मकान मिले और शिक्षा व रोजगार के लिए मेडिकल कॉलेज, स्किल सेंटर और तापी के तारे जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया।