BJP New Team में Amit Malviya की छुट्टी, पहली बार सामने आया रिएक्शन; नए IT Cell Head को दी बधाई

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम के ऐलान के बाद पार्टी के आईटी सेल में भी बड़ा बदलाव हुआ है। करीब एक दशक तक भाजपा के आईटी सेल की कमान संभालने वाले अमित मालवीय को नई राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई टीम में अपनी जगह नहीं बनने के बाद अमित मालवीय ने सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दीपक म्हास्के समेत भाजपा के सभी नए पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि नई टीम का गठन ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुआ है, जब पार्टी नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ने और अपने संदेश तथा संगठन को देश के हर हिस्से तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।

अमित मालवीय का BJP New Team पर पहला रिएक्शन

अमित मालवीय को वर्ष 2015 में भाजपा के आईटी सेल का प्रमुख बनाया गया था। करीब एक दशक तक इस जिम्मेदारी को संभालने के बाद अब पार्टी ने संगठन में बदलाव किया है। नई टीम में जगह नहीं मिलने के बावजूद मालवीय ने अपने बयान में पार्टी के नए पदाधिकारियों के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया।

उन्होंने कहा, ‘पिछले एक दशक में मुझे इन सभी के साथ मिलकर काम करने का सौभाग्य मिला है. मुझे पूरा भरोसा है कि उनके नेतृत्व में बीजेपी का डिजिटल कम्युनिकेशन नए मुकाम हासिल करेगा और पूरे विश्वास, रचनात्मकता और स्पष्टता के साथ भारत की जन-चर्चा को आकार देना जारी रखेगा.’

अमित मालवीय के इस बयान को उनके कार्यकाल के दौरान पार्टी के डिजिटल और सोशल मीडिया संगठन में निभाई गई भूमिका के संदर्भ में देखा जा रहा है।

Deepak Mhaske को लेकर क्या बोले Amit Malviya?

नई जिम्मेदारी पाने वाले दीपक म्हास्के को अमित मालवीय ने विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘मैं खास तौर पर दीपक म्हास्के को बधाई देना चाहता हूं, जो बीजेपी के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख के तौर पर मेरी जगह लेंगे. साथ ही सह-संयोजक बनाए जाने पर प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को भी बधाई देता हूं.’

छत्तीसगढ़ से आने वाले दीपक म्हास्के इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर भी काम कर चुके हैं। पार्टी की संगठनात्मक और मीडिया गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। अब उन्हें भाजपा के सोशल मीडिया विभाग की अहम जिम्मेदारी दी गई है।

BJP Supporters के लिए अमित मालवीय ने लिखा खास संदेश

अमित मालवीय ने भाजपा के सोशल मीडिया समर्थकों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी का यह डिजिटल परिवार हर उतार-चढ़ाव में उसके साथ खड़ा रहा है और देश की जन-चर्चा को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘यह परिवार हर उतार-चढ़ाव में साथ खड़ा रहा है और भारत की जन-चर्चा को नई दिशा देने में निर्णायक भूमिका निभाई है. आप मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से ऊर्जा का स्रोत हैं. इस विभाग की कमान संभालने के दौरान पिछले ग्यारह वर्षों में मुझे आप में से कई लोगों से मिलने और बातचीत करने का मौका मिला और वे मुलाकातें हमेशा खास रहेंगी.’

मालवीय ने पार्टी समर्थकों से भविष्य में भी भाजपा और उनके उत्तराधिकारियों को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने लिखा, ‘मुझे उम्मीद है कि आने वाले सालों में भी आप पार्टी और मेरे उत्तराधिकारियों को अपना पूरा समर्थन देते रहेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के नेतृत्व में भारत और भी बड़ी ऊंचाइयां छूने के लिए तैयार है. इस सफर में आपके योगदान को याद रखा जाएगा और सुनहरे शब्दों में दर्ज किया जाएगा.’

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हुए इस बदलाव के बाद अब दीपक म्हास्के के नेतृत्व में पार्टी का डिजिटल कम्युनिकेशन किस दिशा में आगे बढ़ता है, इस पर राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों स्तरों पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *