Varanasi Airport Firing: एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से अचानक चली गोली, 2 Ground Staff घायल; जानें कैसे हुआ हादसा

वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक फायरिंग हो गई। इस घटना में एयरपोर्ट के दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा पिस्टल की जांच के दौरान हुआ।

महाराष्ट्र जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे कमलेश राय

आजमगढ़ निवासी कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से महाराष्ट्र जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास ऑल इंडिया परमिट वाला लाइसेंसी पिस्टल था, जिसकी एयरपोर्ट परिसर में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही थी।

यात्री के एम्युनिशन और दस्तावेजों की जांच के बाद पिस्टल की भी जांच की जा रही थी। इसी दौरान अचानक फायरिंग हो गई और वहां मौजूद दो ग्राउंड स्टाफ इसकी चपेट में आ गए।

घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यात्री ने पिस्टल को बताया था ‘अनलोडेड’

जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पर कर्मचारी सुमन कुमारी ने यात्री कमलेश राय की स्कैनिंग की थी। इसके बाद उनके पास मौजूद एम्युनिशन और संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब यात्री आगे बढ़ रहे थे, उसी दौरान उनकी लाइसेंसी पिस्टल की जांच की जा रही थी।

बताया गया कि यात्री ने पिस्टल को अनलोडेड बताया था, लेकिन जांच के दौरान उसमें गोली मौजूद मिली। इसी दौरान अचानक फायरिंग हो गई, जिससे दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए।

CISF और एयरलाइन स्टाफ की चेकिंग के दौरान हुआ हादसा

घटना की जानकारी मिलते ही वाराणसी एयरपोर्ट के नजदीकी फूलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट परिसर में पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि कमलेश राय लाइसेंसी पिस्टल के साथ महाराष्ट्र जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। CISF और एयरलाइन स्टाफ की ओर से उनकी फिजिकल चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान पिस्टल से दुर्घटनावश गोली चल गई।

पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल कर रही है। मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *