Amit Shah Vande Mataram Row: सोनिया गांधी पर बरसे अमित शाह, बोले- ‘कांग्रेस को देश से मांगनी चाहिए माफी’

वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी के बीच और गरमा गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार, 16 अगस्त को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में इस मुद्दे पर कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के चलते वंदे मातरम को भुला दिया था और अब पार्टी को इस मामले में देश से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस मुख्यालय में Vande Mataram को लेकर क्या हुआ?

दरअसल, स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेता मौजूद थे। ध्वजारोहण के बाद वंदे मातरम का गान किया गया।

इसी दौरान एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसमें सोनिया गांधी कुछ इशारा करती हुई दिखाई दीं। दावा किया गया कि उन्होंने वंदे मातरम का गान जारी रहने पर आपत्ति जताई और कांग्रेस अध्यक्ष से इसे रोकने के लिए कहा। हालांकि, कांग्रेस ने इन दावों पर सफाई देते हुए कहा कि कार्यक्रम में पूरा वंदे मातरम गाया गया था।

‘सोनिया गांधी को ये रास नहीं आता’ – अमित शाह

अमित शाह ने चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस मुख्यालय में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर वंदे मातरम का गान हो रहा था. चालू गान में कांग्रेस की नेत्री, सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष को गान रोकने की बात कही. हम सब टीवी पर देखते रह गए. 80 साल के बाद बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय का ये अमर गान, जब फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है, वो भी सोनिया गांधी को रास नहीं आता है.’

गृहमंत्री ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता इस पूरे मामले को देख रही है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम जैसे राष्ट्रीय महत्व के गीत का गान अधूरा छोड़ने की बात सोचना भी गलत है।

‘कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए और देश से माफी मांगनी चाहिए’

अमित शाह ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘140 करोड़ जनता आपको देख रही है. आपके द्वारा किया गया ये पाप इस देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी. कोई स्वप्न में भी कैसे सोच सकता है कि वंदे मातरम का गान अधूरा छोड़ दिया जाए? कांग्रेस के लोगों को शर्म आनी चाहिए और थोड़ी भी शर्म बची है तो दोनों हाथ जोड़कर बंकिम बाबू और देश की जनता से उन्हें माफी मांगनी चाहिए.’

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम सिर्फ एक गीत नहीं बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी एक महत्वपूर्ण रचना है। अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लालच में इस गीत को भुला दिया था।

‘कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए भुलाया वंदे मातरम’

अमित शाह ने कहा, ‘कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुला दिया था. बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की वो अमर कृति, एक गान के दो शब्द, वंदे मातरम, ‘भारत माता की मैं वंदना करता हूं’ ये बोलते हुए हजारों-लाखों लोग फांसी के फंदे पर चढ़ गए थे. कांग्रेस को वोट बैंक का लालच था. वंदे मातरम के प्राकट्य का यह 150वां साल है. लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे मातरम को फिर से एक नया आयुष्य देने का काम किया है.’

अमित शाह के इस बयान के बाद वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक विवाद के और बढ़ने के संकेत हैं। एक ओर बीजेपी इस घटना को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठा रही है, वहीं कांग्रेस ने पहले ही पूरे वंदे मातरम के गाए जाने की बात कहकर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *