Google Executive Sheetal Vrajesian Murder: भारतीय मूल की टेक लीडर की पति ने गोली मारकर हत्या, बेटा भी हुआ घायल

अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां भारतीय मूल की वरिष्ठ टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ और गूगल की इंजीनियरिंग लीडर शीतल व्रजेसियन की कथित तौर पर उनके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में उनका 23 वर्षीय बेटा भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी पति किर्क बी. व्रजेसियन को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

घर में मिली शीतल की लाश, बेटे को अस्पताल में कराया गया भर्ती

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार रात अटलांटा के पास कॉब काउंटी स्थित स्मर्ना शहर में एक घर से गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घर के अंदर 57 वर्षीय शीतल व्रजेसियन को गोली लगने की हालत में पाया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।

वहीं, उनका 23 वर्षीय बेटा जेसन व्रजेसियन घर के बाहर घायल अवस्था में मिला। उसे भी गोली लगी थी, जिसके बाद इमरजेंसी टीम ने उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई नई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

पति पर हत्या समेत कई गंभीर आरोप

पुलिस ने 56 वर्षीय किर्क बी. व्रजेसियन को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया। कॉब काउंटी पुलिस विभाग के अनुसार, आरोपी पर हत्या, गंभीर मारपीट के दो आरोप और हथियार रखने से जुड़े दो आरोप दर्ज किए गए हैं। फिलहाल उसे कॉब काउंटी एडल्ट डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

पुलिस ने बताया घरेलू हिंसा का मामला

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा प्रतीत होता है। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना से आम जनता को कोई खतरा नहीं है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं किया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

कौन थीं शीतल व्रजेसियन?

शीतल व्रजेसियन गूगल में इंजीनियरिंग लीडर के रूप में कार्यरत थीं और उन्हें टेक्नोलॉजी क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव था। गूगल से पहले उन्होंने HomeDepot.com में मोबाइल और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व किया था। उन्होंने कंपनी के डिजिटल होम डेकोर और फर्निशिंग बिजनेस को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

अपने करियर के दौरान उन्होंने मौसम और फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी सेक्टर में भी कई महत्वपूर्ण तकनीकी नेतृत्व पदों पर काम किया।

भारत से अमेरिका तक का प्रेरणादायक सफर

शीतल व्रजेसियन का बचपन इंग्लैंड, भारत और घाना में बीता। बाद में वह कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई के लिए अमेरिका के जॉर्जिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी पहुंचीं। उन्हें स्ट्रैटेजिक लीडरशिप, ऑर्गनाइजेशनल ट्रांसफॉर्मेशन, मोबाइल और वेब टेक्नोलॉजी, मार्केटिंग टेक्नोलॉजी तथा ई-कॉमर्स के क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल थी।

वह अपने पति और दो बच्चों, जेसन और जेसिका, के साथ अटलांटा में रहती थीं। शीतल दो सॉफ्टवेयर पेटेंट की इन्वेंटर भी थीं। इसके अलावा उन्होंने जॉर्जिया टेक कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग के एडवाइजरी बोर्ड और जॉर्जिया टेक एलुमनाई एसोसिएशन के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *