प्रधानमंत्री Narendra Modi की ऊर्जा बचत और आर्थिक अनुशासन को लेकर की गई अपील के बाद उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सरकारी काफिलों से लेकर वर्क फ्रॉम होम तक कई बड़े निर्देश जारी किए हैं।
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के आह्वान को व्यवहारिक रूप से अपनाने की अपील करते हुए ईंधन बचाने, अनावश्यक सोना खरीदने से बचने और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग पर जोर दिया।
मंत्रियों के काफिले में 50% कटौती के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव, DGP और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत तक कमी की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि काफिलों से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए ताकि ईंधन की खपत कम हो सके।
वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की तैयारी
सीएम योगी ने प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम कल्चर को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों और कंपनियों में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने को लेकर एडवाइजरी जारी की जाए।
उन्होंने सरकारी बैठकों, सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और वर्कशॉप को अधिक से अधिक वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
‘नो व्हीकल डे’ और पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
उन्होंने सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” आयोजित करने का सुझाव भी दिया। साथ ही मेट्रो, बस, कार पूलिंग, साइक्लिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही।
स्कूल-कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों के लिए भी निर्देश
सीएम योगी ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में स्कूली बसों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाए। जरूरत पड़ने पर परिवहन निगम की बसों को भी इससे जोड़ा जा सकता है।
इसके अलावा राज्य सचिवालय और निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को वर्चुअल मोड में करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली बचत और सजावटी लाइटों पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बिजली की बचत करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों में अनावश्यक बिजली उपयोग से बचा जाए।
व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और निजी प्रतिष्ठानों में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों के न्यूनतम उपयोग के निर्देश भी दिए गए हैं।
विदेशी यात्रा टालने और UP पर्यटन बढ़ाने की अपील
सीएम योगी ने लोगों से अगले छह महीने तक गैर जरूरी विदेशी यात्राएं टालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि डेस्टिनेशन वेडिंग और पर्यटन को उत्तर प्रदेश के भीतर बढ़ावा दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने “विजिट माई स्टेट” अभियान शुरू करने की बात कही, जिसके तहत वेलनेस, ग्रामीण, वन्यजीव और खानपान आधारित पर्यटन को प्रमोट किया जाएगा।
स्वदेशी और ODOP उत्पादों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने त्योहारों और आयोजनों में स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से ODOP और GI टैग प्राप्त उत्पादों को उपहार के रूप में बढ़ावा दिया जाएगा।
साथ ही स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों के उपयोग को भी प्रोत्साहित करने की बात कही गई।
खाद्य तेल और प्राकृतिक खेती पर भी फोकस
सीएम योगी ने लोगों से खाद्य तेल की खपत कम करने का आग्रह किया और स्वास्थ्य विभाग को जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
वहीं कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और गोशालाओं में मौजूद गोवंश के गोबर के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
सोलर और PNG नेटवर्क विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को तेजी से लागू करने और रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने की बात कही।
इसके अलावा प्रदेश में PNG नेटवर्क को मिशन मोड में विस्तार देने और अधिक से अधिक घरों तक गैस कनेक्शन पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।