दुबई उड़ान से पहले बड़ा खुलासा, लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला अवैध तमंचा, मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश की राजधानी चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री के बैग से अवैध हथियार बरामद हुआ. सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता दिखाते हुए समय रहते युवक को पकड़ लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई.

दुबई जाने वाली फ्लाइट से पहले पकड़ा गया आरोपी

जानकारी के मुताबिक, यह मामला उस वक्त सामने आया जब एक युवक एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-193 से दुबई जाने की तैयारी में था. नियमित सुरक्षा जांच के दौरान लेवल-4 चेकिंग में तैनात एमएसएफ कर्मियों ने उसके बैग की जांच की. इसी दौरान बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसके बाद तुरंत उसे खोलकर देखा गया.

बैग से 12 बोर (312 बोर) का अवैध तमंचा बरामद

जांच के दौरान बैग के अंदर 12 बोर (312 बोर) का अवैध तमंचा मिला. यह देखकर सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्री को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में युवक की पहचान महेश कुमार चौहान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का निवासी बताया जा रहा है.

पुलिस के हवाले, पूछताछ जारी

सुरक्षा एजेंसियों ने बिना देरी किए आरोपी को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया. बाद में उसे सरोजिनी नगर थाने को सौंपा गया, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि युवक के पास यह अवैध हथियार कहां से आया और वह इसे दुबई क्यों ले जाना चाहता था.

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच जारी

अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त है और यात्रियों की कई स्तरों पर जांच की जाती है. इस मामले में यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या गिरोह तो सक्रिय नहीं है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *