भारतीय संगीत जगत के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। महान और दिग्गज गायिका Asha Bhosle का रविवार (12 अप्रैल 2026) को दक्षिण मुंबई स्थित ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। कई दशकों तक अपने सुरों से लोगों के दिलों पर राज करने वाली इस महान कलाकार ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
PM मोदी ने जताया गहरा शोक, कही दिल छू लेने वाली बात
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “भारत की सबसे मशहूर और बहुमुखी गायिकाओं में से एक आशा भोसले जी के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ है. उनका संगीत सफर कई दशकों तक चला और इस दौरान उन्होंने भारतीय संस्कृति को और भी समृद्ध बनाया.”
उन्होंने आगे कहा, “उनकी आवाज ने देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोगों के दिलों को छुआ. चाहे उनके भावुक गीत हों या जोश से भरे गाने, उनकी आवाज में एक अलग ही जादू था, जो हमेशा याद रखा जाएगा. उनसे हुई मुलाकातों की यादें भी हमेशा दिल में बनी रहेंगी. इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार, चाहने वालों और संगीत प्रेमियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. आशा भोसले जी हमेशा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गाने हमेशा लोगों के दिलों में गूंजते रहेंगे.”
अंतिम संस्कार की तारीख और वजह का खुलासा
आशा भोसले के बेटे Anand Bhosle ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार (13 अप्रैल 2026) को मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा। वहीं उनकी पोती Zanai Bhosle के अनुसार, उन्हें शनिवार शाम सीने में संक्रमण और कमजोरी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों की मानें तो उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और फेफड़ों से जुड़ी समस्या भी थी।
संगीत से भरा रहा पूरा परिवार, बचपन से मिली थी तालीम
आशा भोसले का जन्म 8 सितंबर 1935 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में हुआ था। उन्हें बचपन से ही संगीत की शिक्षा अपने पिता दीनानाथ मंगेशकर से मिली थी। उनकी बड़ी बहन Lata Mangeshkar भी भारतीय संगीत की महान गायिकाओं में गिनी जाती हैं। परिवार के अन्य सदस्य मीना और हृदयनाथ मंगेशकर भी संगीत जगत से जुड़े रहे हैं।