प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (28 मार्च) को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करते हुए उत्तर प्रदेश की पूर्व सरकारों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पहले अंधविश्वास और राजनीतिक डर की वजह से नोएडा के विकास को रोका गया, जबकि अब यही क्षेत्र उत्तर प्रदेश की प्रगति का मजबूत इंजन बन रहा है।
जेवर एयरपोर्ट से पश्चिमी यूपी को मिलेगा बड़ा फायदा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाला बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है। उन्होंने बताया कि इस एयरपोर्ट से आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, फरीदाबाद और इटावा समेत पूरे क्षेत्र को आर्थिक और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएगा और विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।
‘सपा ने Noida को बनाया था लूट का ATM’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “सपा वालों ने इस एयरपोर्ट का काम नहीं होने दिया. कांग्रेस और यूपी की पहले की सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव नहीं पड़ने दी. पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था लेकिन, आज बीजेपी सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है. हमारा जेवर एयरपोर्ट पूरे उतर भारत को देश से जोड रहा है.”
उन्होंने यह भी कहा कि पहले अंधविश्वास के कारण नोएडा को नजरअंदाज किया गया और सत्ता खोने के डर से नेता यहां आने से बचते थे।
प्रधानमंत्री ने कहा, “जिस नोएडा को अंधविश्वास की वजह से अपने हाल पर छोड़ दिया गया था. कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे. जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया तो सीएम इतने डरे हुए थे कि उस कार्यक्रम में नहीं आए. मुझे भी डराने की कोशिश की कि अभी-अभी पीएम बने हो नोएडा मत जाओ.”
वैश्विक संकट और युद्ध का भी किया जिक्र
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान-इजराइल युद्ध से पैदा हुए वैश्विक संकट पर भी बात की। उन्होंने कहा कि युद्ध की वजह से दुनिया के कई देशों में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है और हर देश इससे निपटने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा, “आज दुनिया भर में जरूरी चीजों का संकट पैदा हो गया है. हर देश इस संकट का सामना करने के लिए कुछ न कुछ प्रयास कर रहा हैय हमारा भारत भी इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है। देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है.”
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस उन क्षेत्रों से आयात करता है जहां युद्ध चल रहा है, लेकिन सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है जिससे आम परिवारों और किसानों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
उन्होंने कहा, “आज पूरा विश्व कितना चिंतित है. वेस्ट एशिया में एक महीने से वार चल रहा है. विश्व के कई देश में संकट हो गया है.”
विकास और स्थिरता पर सरकार का जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत अपनी विकास गति बनाए हुए है और सरकार का प्रयास है कि अंतरराष्ट्रीय संकट का असर आम नागरिकों पर न्यूनतम रहे। जेवर एयरपोर्ट को उन्होंने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्थिक विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।