वोट की चिंता में बयान दे रहे अखिलेश, गंगा इफ्तार विवाद पर ओम प्रकाश राजभर का पलटवार, सियासत हुई गरम

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सुल्तानपुर में आयोजित कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का जिक्र किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।

मिडिल ईस्ट तनाव पर पीएम मोदी की भूमिका पर बोले राजभर

ईरान के राष्ट्रपति द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इजरायल और अमेरिका के बीच युद्ध रोकने की अपील को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री दुनिया में शांति का संदेश देने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जहां भी जाते हैं, वहां शांति और संवाद की बात करते हैं और युद्ध से आसपास के देशों को नुकसान होता है। मंत्री ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री युद्ध विराम के लिए प्रयास करेंगे। वहीं फरसा वाले बाबा की मौत को लेकर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने इसे दुर्घटना बताया।

कानून सभी के लिए समान: मंत्री राजभर

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा अपने ही मंत्री पर एफआईआर दर्ज कराने के सवाल पर राजभर ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा, “कोई भी मंत्री, विधायक, या सांसद गलत कार्य करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होती है.”

गंगा इफ्तार बयान पर अखिलेश यादव पर हमला

गंगा में इफ्तार पार्टी को लेकर दिए गए बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “उनकी (सपा) सरकार थी तो पैसे पर कार्य होता था, आपने ने कभी नहीं सुना होगा कि गंगा नदी में रोजा अफ्तार खोला गया हो. कुछ ऐसे शरारती तत्व हैं जो शरारत करते हैं, कानून से देश प्रदेश चल रहा है, कानून अपना काम कर रहा है तो उन्हें बुरा लग रहा है, उसपर वे नहीं बोल रहे हैं कि नाव पर जाकर बिरयानी खा रहे हैं, उन्हें चिंता वोट की सता रही है.”

LPG संकट पर सरकार की तैयारी

देश और प्रदेश में एलपीजी गैस की संभावित दिक्कत को लेकर मंत्री ने कहा, “जब दो देशों के बीच लड़ाई होती है तो आस पास के देश पर प्रभाव पड़ता है, सरकार प्रतिबद्ध है कि हर व्यक्ति को गैस सुलभ हो.” उन्होंने कहा कि सरकार आवश्यक आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा, “अगर चुनाव आयोग गड़बड़ कर रहा है तो आप भी जीते हो तो आप (राहुल गांधी) रिजाइन कर दो.” उन्होंने यह भी कहा कि पिछड़े और दलित समाज के मुद्दों पर कांग्रेस को जवाब देना चाहिए क्योंकि लंबे समय तक उनकी सरकार रही।

विधानसभा चुनाव और कोर्ट की सुनवाई पर बयान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि 25 तारीख तक इंतजार करना चाहिए क्योंकि इस मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई तय है। सरकार और चुनाव आयोग अदालत में अपना पक्ष रख रहे हैं और जो भी फैसला आएगा उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *