बिहार की राजनीति में इन दिनों ‘सम्राट मॉडल’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भविष्य और नई सरकार के गठन को लेकर सियासी अटकलों के बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने बड़ा बयान दिया है। पटना में शुक्रवार (20 मार्च, 2026) को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य की आने वाली सरकार और नेतृत्व को लेकर अहम प्रतिक्रिया दी।
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो बिहार में नई राजनीतिक व्यवस्था देखने को मिल सकती है। इसी सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने संकेत दिया कि मौजूदा शासन मॉडल ही आगे भी जारी रह सकता है।
पत्रकारों के इस सवाल पर कि कहा जा रहा है कि बिहार में सम्राट मॉडल चलेगा. इस पर भविष्यवाणी करते हुए कुशवाहा ने कहा, “नीतीश कुमार जिस मॉडल को चला रहे थे… आगे की जो भी सरकार आएगी उसी मॉडल को आगे बढ़ाएगी.” फिर पूछा गया कि जेडीयू कह रही है कि नीतीश मॉडल के बाद हम लोगों को निशांत मॉडल चाहिए. इस पर उन्होंने कहा, “हमने कहा न जो भी मॉडल नीतीश कुमार ने चलाया उसी को जो सरकार आएगी वो चलाएगी…”
एनडीए नेतृत्व पर जताया भरोसा
मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं में जब यह सवाल पूछा गया कि नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को आगे देखने की बात कही है, तो इस पर उपेंद्र कुशवाहा ने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि समय आने पर सब स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए नेतृत्व निर्णय लेने में पूरी तरह सक्षम है।
तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “ये बात तो बहुत पुरानी हो गई… नया सवाल पूछिए.”
मिडिल ईस्ट युद्ध पर भी दी प्रतिक्रिया
मीडिया बातचीत के दौरान उपेंद्र कुशवाहा से मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध को लेकर भी सवाल किया गया। जब उनसे मोहन भागवत के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई जिसमें कहा गया था कि भारत ही इस युद्ध को रोक सकता है, तो उन्होंने कहा, “उन्होंने ठीक कहा है. भारत तो उस क्षमता में है ही…”
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत सरकार और प्रधानमंत्री सक्षम हैं तथा सरकार जो कदम उठा रही है, वह सही दिशा में है।