India AI Impact Summit 2026: विदेशी मेहमानों के सामने कांग्रेसियों ने उतारी शर्ट, पुलिस ने 4 नेताओं को दबोचा

नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ में शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को उस वक्त भारी बवाल मच गया, जब अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के बीच कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अचानक शर्टलेस होकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट में सुरक्षा में सेंधमारी और हंगामे को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के चार मुख्य नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 7 अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

स्वेटर के नीचे छिपाकर ले गए थे टी-शर्ट, गेट पर दिया चकमा

सूत्रों के मुताबिक, यह कोई अचानक हुआ विरोध नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। दोपहर करीब 12:30 बजे हॉल नंबर 5 में घुसे इन प्रदर्शनकारियों ने बाकायदा पूरी प्लानिंग की थी। इन्होंने समिट में प्रवेश पाने के लिए पहले से वैध QR कोड बनवाए थे। चेकिंग से बचने के लिए आरोपियों ने विवादित स्लोगन लिखी टी-शर्ट को स्वेटर के नीचे छिपा रखा था। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि पहले इनकी योजना काले छाते पर स्टिकर लगाकर विरोध जताने की थी, लेकिन मुख्य द्वार पर चेकिंग के दौरान पकड़े जाने के डर से इन्होंने अपना प्लान बदल दिया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये स्टिकर कहां प्रिंट करवाए गए थे।

विदेशी डेलिगेट्स के सामने लगाए विवादित नारे

हॉल के अंदर पहुंचते ही इन कार्यकर्ताओं ने अपनी शर्ट उतार दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। उनके शरीर (टी-शर्ट) पर ‘PM इज कंप्रोमाइज्ड’, ‘एपस्टीन फाइल्स’ और ‘इंडिया-US ट्रेड डील’ जैसे विवादित स्लोगन लिखे हुए थे। इस अचानक हुए हंगामे और शोर-शराबे से वहां मौजूद विदेशी डेलिगेट्स और वीवीआईपी मेहमानों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से बाहर निकाला और तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन ले गई।

चार गिरफ्तार, IYC अध्यक्ष से पूछताछ जारी

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में IYC के चार प्रमुख चेहरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इनमें नेशनल सेक्रेटरी कृष्णा हरि, बिहार स्टेट कोऑर्डिनेटर कुंदन यादव, यूपी स्टेट वाइस प्रेसिडेंट अजय कुमार और नेशनल कोऑर्डिनेटर नरसिम्हा यादव शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी पर सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और कानून-व्यवस्था को भंग करने जैसी कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है। इन गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड के लिए पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस IYC के प्रेसिडेंट उदय भानू से भी पार्लियामेंट थाने में कड़ी पूछताछ कर रही है।

‘बड़ी साजिश’ की हो रही है जांच

पुलिस इस पूरी घटना को ‘लार्जर कॉन्सपिरेसी’ (बड़ी साजिश) के एंगल से देख रही है। मामले की गंभीरता को स्पष्ट करते हुए एसीपी (ACP) महला ने कहा, “निश्चित रूप से कुछ लोग अगर एक जगह पहुंचकर ऐसा प्रोटेस्ट करते हैं तो वह प्री-प्लानिंग के बिना संभव नहीं है. हम इसकी जांच कर रहे हैं।” दिल्ली पुलिस की टीमें फिलहाल भारत मंडपम के दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी और वीडियो फुटेज खंगाल रही हैं। फरार चल रहे 7 अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए दिल्ली-एनसीआर में टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *